Shahjahanpur News: शाहजहांपुर से फिर चलेगी दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेन? सांसद ने रेल मंत्री से की मांग

Shahjahanpur News: राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दिल्ली-बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन 54075-54076 का संचालन फिर शाहजहांपुर से शुरू करने की मांग की।

Update:2026-08-12 21:42 IST

Shahjahanpur News (Image Credit-Social Media)

शाहजहांपुर। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दिल्ली-बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54075-54076 का संचालन पूर्व की तरह शाहजहांपुर से किए जाने की मांग की है।

सांसद ने रेल मंत्री को पत्र सौंपकर बताया कि पूर्व में इस पैसेंजर ट्रेन का संचालन शाहजहांपुर से किया जाता था। इससे क्षेत्र के व्यापारियों, छोटे उद्यमियों, किसानों और आम यात्रियों को दिल्ली तथा बरेली सहित अन्य स्थानों तक आने-जाने में काफी सुविधा मिलती थी।

ट्रेन बंद होने से बढ़ी परेशानी

सांसद के अनुसार, वर्तमान में इस व्यवस्था के समाप्त होने से स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों को दिल्ली और अन्य शहरों से सामान लाने-ले जाने के लिए अतिरिक्त परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे उनका समय और परिवहन खर्च दोनों बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि यदि पैसेंजर ट्रेन का संचालन दोबारा शाहजहांपुर से शुरू किया जाता है तो इससे स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी और छोटे कारोबारियों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही किसानों और आम यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान हो जाएगा।

रेलवे को भी मिलेगा अतिरिक्त राजस्व

राज्यसभा सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष कहा कि ट्रेन का संचालन पुनः शाहजहांपुर से शुरू होने पर यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। इससे रेलवे को यात्री सुविधाओं के साथ-साथ माल ढुलाई से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से अतिरिक्त राजस्व मिलने की भी संभावना है।

सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने रेल मंत्री से जनहित और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली-बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन का संचालन पूर्ववत शाहजहांपुर से शुरू करने की मांग की।

Tags:    

Similar News