Shravasti News: पाइप लाइन डालने के बाद तुरंत कराएं सड़क की मरम्मत, डीएम का सख्त निर्देश
Shravasti News: श्रावस्ती डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने पेयजल समिति की बैठक में जल जीवन मिशन की समीक्षा की। सड़क मरम्मत और हर घर जल कनेक्शन पर दिए कड़े निर्देश।
Shravasti News: डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत फेज-2 एवं फेज-5 तथा पूर्व निर्मित परियोजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पाइप लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए। कार्य पूर्ण होते ही सड़क को तत्काल पूर्वावस्था में लाया जाए।
डीएम ने कहा कि पूर्व में निर्मित योजनाएं जिन्हें संचालन एवं अनुरक्षण में लिया जा चुका है, उनके सापेक्ष परियोजनाओं को माह नवंबर 2026 में पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि औचक निरीक्षण के दौरान कमी पाई गई तो संबंधित अभियंता एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी अभियंता अपने-अपने कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा के अंदर पूरा कराएं।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कार्यरत फर्म जीए इन्फ्रा वीपीएल की 165 परियोजनाओं में लक्षित 171 शिरोपरि जलाशय के सापेक्ष अब तक 69 शिरोपरि जलाशय का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस पर डीएम ने फर्म को निर्देश दिया कि मैन पावर बढ़ाते हुए अवशेष शिरोपरि जलाशय का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया कि जीरो पॉवर्टी अभियान सर्वे के दौरान कुल 5569 परिवारों का सत्यापन कर हर घर जल योजना के अंतर्गत गृह संयोजन प्रदान किया जाना है। सत्यापन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इसमें 1135 परिवार पूर्व से आच्छादित हैं, जबकि 4434 वंचित पात्र परिवारों के सापेक्ष अब तक 3024 परिवारों को अभियान के अंतर्गत कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
डीएम ने निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत शेष 1410 वंचित परिवारों को एक माह के अंदर गृह संयोजन से आच्छादित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण एवं जनपद में कार्यरत फर्म को निर्देशित किया कि संचालन एवं अनुरक्षण में ली गई 104 पाइप पेयजल योजनाओं पर शत-प्रतिशत क्लोरीनेशनयुक्त नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिले, यह सर्वोच्च प्राथमिकता है। पानी की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अधिशासी अभियंता जल निगम मो. इमरान सहित अन्य अभियंता व कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।