Shravasti: पुलिस लाइन में आयोजित योग शिविर, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीखे स्वस्थ जीवन के मंत्र

Shravasti News: योगाचार्यों ने पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

Update:2026-06-20 17:01 IST

Shravasti News

Shravasti News: अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के अवसर पर श्रावस्ती जनपद में शनिवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।

योगाचार्यों ने कराया विभिन्न योगासनों का अभ्यास

योग शिविर में जिला चिकित्सालय भिनगा के योगाचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा एवं योग प्रशिक्षक अरुण कुमार ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से तनावमुक्त तथा जीवन में अधिक ऊर्जावान बना रह सकता है।योग प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग करने से शरीर की कार्यक्षमता बढ़ती है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने योग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से योग करने का संकल्प भी दिलाया।

करीब 200 पुलिसकर्मियों ने लिया हिस्सा

योग शिविर में क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान, क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित लगभग 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें योग के प्रति जागरूक करना था।

Tags:    

Similar News