Shravasti News: सीताद्वार मेले की तैयारियों का विधायक, डीएम और एसपी ने लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश
Shravasti News: श्रावस्ती के सीताद्वार मेले को लेकर विधायक, डीएम और एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया। 24 से 28 नवंबर तक होने वाले मेले के लिए प्रशासन ने दिए जरूरी निर्देश।
Shravasti News: कार्तिक पूर्णिमा पर सीताद्वार मंदिर पर लगने वाले पांच दिवसीय मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आज सायंकाल सीताद्वार मंदिर परिसर में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, डीएम मनोज कुमार राय, एसपी राहुल भाटी एवं मुख्य विकास अधिकारी शिशिर कुमार सिंह ने की।
उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय सीताद्वार का मुख्य मेला कार्तिक पूर्णिमा आगामी 24 नवंबर को पड़ेगा तथा 28 नवंबर, 2026 तक चलेगा। बैठक के बाद विधायक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया और लगाए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि जिस मजिस्ट्रेट की तैनाती जिस स्थान पर की गई है, वे अपने तैनाती स्थल पर तैनात रहकर मेले को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराएंगे।
कार्तिक मेला आस्था का प्रतीक - विधायक
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि कार्तिक मेला असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। सीताद्वार का मेला कई वर्षों से भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी व्यवस्थापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मेला कमेटी के सदस्यों से अनुरोध किया।
सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें - डीएम
बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं को पहले से ही सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने मेले परिसर के अंदर एवं बाहर लगने वाली दुकानों को क्रमबद्ध तरीके से लगाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
मेले के अंदर लगने वाली दुकानों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए की गई विद्युत वायरिंग की जांच कर गुणवत्ता परख ढंग से वायरिंग सुनिश्चित कराने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया। मेला परिसर में भीड़ के दृष्टिगत 24 घंटे अग्निशमन कैंप संचालित करने व अन्य आवश्यक अग्निशामक उपकरणों सहित पर्याप्त स्टाफ की तैनाती के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में लगने वाले झूलों का सेफ्टी सर्टिफिकेट अवश्य लिया जाए और सभी सुरक्षा मानकों की पूर्णतः जांच के उपरांत ही झूले लगाने की अनुमति दी जाए।
डीएम ने पंचायतीराज विभाग एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत इकौना को निर्देश दिया कि सफाई कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाना सुनिश्चित करें। साथ ही मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, मेले एवं झील के घाटों पर बैरिकेटिंग, गोताखोर, नावचालक, प्रकाश व्यवस्था, महिलाओं के लिए बेहतर चेंजिंग रूम, सहयोग हेतु वॉलिंटियर एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि मेले में एंबुलेंस व्यवस्था के साथ ही मेडिकल कैंप लगाएं एवं डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार मेला समाप्ति तक लगाई जाए। मौसम के अनुरूप उत्पन्न होने वाली संभावित बीमारियों से संबंधित दवाओं का स्टॉक भी मेडिकल कैंप में उपलब्ध रहना चाहिए। इसके अलावा पूर्व मेले के अनुभव के आधार पर पार्किंग व बैरियर व्यवस्था की मुकम्मल व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
मार्गों पर अतिक्रमण नहीं होगा - एसपी
एसपी ने सभी संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि मेले के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जाएं। सुरक्षा के मद्देनजर मेले में सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। अराजक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि दुकानों को पहले से निर्देशित कर दिया जाए कि आने-जाने वाले मार्ग पर कोई भी अतिक्रमण न किया जाए।
बैठक का संचालन उपजिलाधिकारी इकौना निशांत उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं मेला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।