Shravasti News: वाद-मुक्त देवीपाटन अभियान को गति, संवाद से समाधान के तहत 175 विवादों का निस्तारण

Shravasti News: श्रावस्ती में ‘वाद-मुक्त देवीपाटन’ अभियान के तहत ‘संवाद से समाधान’ पहल से अब तक 175 विवादों का निस्तारण किया गया।

By :  G Singh
Update:2026-08-17 21:05 IST

Shravasti News(Photo-Social Media)

Shravasti News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप "वाद-मुक्त देवीपाटन" अभियान के तहत चलाए जा रहे "संवाद से समाधान" कार्यक्रम को जिले में तेजी से गति मिल रही है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि ग्राम स्तर पर आपसी संवाद और सहमति से छोटे-छोटे विवादों को निपटाकर ग्रामीण क्षेत्रों में सौहार्द और शांति का माहौल बनाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद में मध्यस्थता योग्य 232 मामलों में से 175 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है।

125 गांवों में हुआ सर्वेक्षण:

डीएम ने बताया कि प्रथम चरण में भिनगा, इकौना और जमुनहा तहसीलों के 125 लक्षित गांवों को चिन्हित किया गया था।

20 जुलाई से 26 जुलाई तक सभी गांवों में पारिवारिक विवाद, सीमा/रास्ता विवाद, खेत की मेड़, भूमि विवाद, जल बंटवारा, संपत्ति बंटवारा, चोरी, पेड़ काटने और अन्य छोटे स्थानीय विवादों का सर्वेक्षण कर सूची तैयार की गई। इसके बाद ग्राम स्तर पर मध्यस्थता पैनल गठित कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।

27 जुलाई से 02 अगस्त तक ग्राम स्तर पर रोस्टर और स्थान निर्धारित किए गए। 03 अगस्त से 09 अगस्त तक प्रथम सत्र में 127 मामलों का निस्तारण हुआ। 10 अगस्त से 16 अगस्त तक शेष मामलों के शत-प्रतिशत निस्तारण का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें 48 और मामले निपटा दिए गए।

तहसीलवार प्रगति:

भिनगा: 74 मध्यस्थता योग्य मामलों में 34 का निस्तारण

इकौना: 56 मध्यस्थता योग्य मामलों में 43 का निस्तारण

जमुनहा: 102 मध्यस्थता योग्य मामलों में 98 का निस्तारण

"विवाद न्यायालय तक न पहुंचे" - DM:

जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने संबंधित अधिकारियों और राजस्व टीमों को निर्देश दिए कि शेष मामलों में भी पक्षों से निरंतर संवाद कर सहमति से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, _“संवाद से समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण नहीं है, बल्कि आपसी विश्वास, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत कर गांवों को विवाद-मुक्त बनाना है। जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनमें विशेष ध्यान दिया जाए ताकि अनावश्यक रूप से विवाद न्यायालय तक न पहुंचे।”डीएम ने कहा कि अनावश्यक वाद-विवाद समाप्त कर ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समरसता को मजबूत करना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

Tags:    

Similar News