Siddharthnagar News: दिशा वेलफेयर सोसाइटी ने हल्लौर में चलाया जनगणना जागरूकता अभियान
Siddharthnagar News: अध्यक्ष राहिब रिज़वी के नेतृत्व में घर-घर पहुंचकर लोगों को जनगणना के महत्व बताए, 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना और 1 दिसंबर से प्रगणक करेंगे सर्वेक्षण।
दिशा वेलफेयर सोसाइटी ने हल्लौर में चलाया जनगणना जागरूकता अभियान (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: दिशा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राहिब रिज़वी के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों द्वारा उपनगर हल्लौर में जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान लोगों को जनगणना के महत्व, उससे होने वाले सामाजिक एवं विकासात्मक लाभों तथा देश की नीतियों के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
राहिब रिज़वी ने बताया कि जनगणना केवल आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में नीतियां और योजनाएं तैयार करती हैं।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना में भाग ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस अवधि में अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे बताया कि 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर (द्वार-द्वार) पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान सभी नागरिक प्रगणकों का अपने घरों पर स्वागत करें, उनके द्वारा पूछे गए सवालों का सही एवं पूर्ण उत्तर दें तथा सही आंकड़े उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।
राहिब रिज़वी ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। सही आंकड़े ही बेहतर सरकारी नीतियों, प्रभावी विकास योजनाओं और समावेशी विकास का आधार बनते हैं।
दिशा वेलफेयर सोसाइटी ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तथा 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी देकर जनगणना अभियान को सफल बनाएं।