Siddharthnagar News: ननिहाल में 13 वर्षीय किशोरी का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के खीरीडीहा गांव में 13 वर्षीय किशोरी का शव घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

Update:2026-07-15 19:51 IST

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: लोटन कोतवाली क्षेत्र के खीरीडीहा गांव में बुधवार को 13 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतका की पहचान नेपाल के महतिनिया निवासी शिवकुमार की 13 वर्षीय पुत्री मनीषा के रूप में हुई है। बताया गया कि मनीषा अपने माता-पिता के मद्रास (चेन्नई) में मजदूरी करने के कारण अपनी बड़ी बहन के साथ ननिहाल, खीरीडीहा गांव में रहती थी। बुधवार को घर के सभी लोग धान की रोपाई करने खेत गए थे। जब वे वापस लौटे तो मनीषा का शव कमरे में छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी हरिओम कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, परिजनों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य संकलित किए।कोतवाली प्रभारी हरिओम कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News