Sitapur News: ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत, अजगर को पकड़कर वन विभाग को सौंपा
Sitapur News: अजगर को देखते ही स्थानीय लोग सहम गए और बच्चों को स्कूल से दूर रखा गया।
ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत, अजगर को पकड़कर वन विभाग को सौंपा (photo: social media )
Sitapur News: सीतापुर जनपद के थाना संदना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तेरवा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब त्रिभुवन सिंह माध्यमिक विद्यालय के पास एक विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही स्थानीय लोग सहम गए और बच्चों को स्कूल से दूर रखा गया।
गांववालों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने में देरी हो रही थी। ऐसे में तीन साहसी ग्रामीण — सुरेश, सरजू और अंकित — ने पहल करते हुए अजगर को सुरक्षित पकड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने रस्सी और डंडों का इस्तेमाल करते हुए पूरी सतर्कता से अजगर को काबू में किया और उसे एक मजबूत प्लास्टिक की बोरी में बंद कर दिया।
टीम ने ग्रामीणों के साहस की सराहना की
कुछ समय बाद वन विभाग की टीम वन दरोगा ऋषभ सिंह तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के साहस की सराहना की और अजगर को अपनी निगरानी में लिया। वन विभाग की मानें तो यह अजगर लगभग 10 फीट लंबा था और स्वस्थ अवस्था में था।
इसके बाद अजगर को सुरक्षित रूप से गेधरिया के जंगल में छोड़ा गया, जहां उसका प्राकृतिक वातावरण है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि भविष्य में किसी भी वन्य जीव को देखने पर तुरंत सूचना दें और बिना विशेषज्ञों की मदद के उसे पकड़ने का प्रयास न करें।
इस घटना ने न केवल ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस को दर्शाया, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी एक उदाहरण प्रस्तुत किया।