Sonbhadra News: लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, फिर अमानवीय हरकत का बनाया वीडियो, दो गिरफ्तार
Sonbhadra News: बभनी थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और घटना का वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी।
लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, फिर अमानवीय हरकत का बनाया वीडियो, दो गिरफ्तार (Photo- Social Media)
Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर अमानवीय कृत्य करने और पूरी घटना का वीडियो बनाने के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि छेड़खानी की बात को लेकर युवक को रास्ते से घर के अंदर ले जाया गया और वहां लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, आरोपितों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और घटना का वीडियो भी बनाया। शिकायत मिलते ही बभनी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मामले में नामजद दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
छेड़खानी की बात पर युवक को घर में ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार इकदीरी निवासी सरजू पुत्र हनुमान प्रसाद ने 7 अगस्त को बभनी थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि उसका भाई 6 अगस्त को करीब 11 बजे बभनी बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान करकच्छी गांव के राजेन्द्र पुत्र छबिलाल, अजय पुत्र राजेन्द्र और उनके साथ मौजूद छह-सात अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। छेड़खानी की बात को लेकर विवाद बढ़ा तो आरोपित युवक को घर के अंदर ले गए।
आरोप है कि घर के भीतर युवक के साथ जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान उसके साथ अमानवीय कृत्य किया गया और आरोपितों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।
मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने कसा शिकंजा
शिकायत के आधार पर बभनी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 178/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 191(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपितों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक मामले में नामजद अजय पुत्र राजेन्द्र और राजेन्द्र पुत्र छबिलाल, दोनों निवासी ग्राम करकच्छी, थाना बभनी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
एसपी के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बभनी अरविन्द सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि मारपीट, कानून हाथ में लेने और किसी व्यक्ति को अपमानित कर उसकी घटना का वीडियो बनाने जैसे मामलों में आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका और वीडियो बनाए जाने से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
दोनों आरोपित करकच्छी गांव के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय पुत्र राजेन्द्र और राजेन्द्र पुत्र छबिलाल के रूप में हुई है। दोनों ग्राम करकच्छी, थाना बभनी के निवासी हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द सरोज और उनके हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों को जांच के दौरान सामने लाया जाएगा और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।