Sonbhadra News: फंदे पर झूल रही महिला के लिए फरिश्ता बनी पुलिस, CPR देकर लौटाईं सांसें
Sonbhadra News: सोनभद्र में फंदे पर झूल रही महिला की पुलिस ने समय रहते जान बचाई। पुलिसकर्मियों ने CPR देकर महिला की सांसें वापस लौटाईं।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के चोपन थाना पुलिस और यूपी-112 पीआरवी टीम ने शनिवार देर रात साहस, सूझबूझ और मानवता का ऐसा परिचय दिया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। पारिवारिक विवाद के बाद फांसी के फंदे पर झूल चुकी महिला की सांसें थम गई थीं, लेकिन पुलिस जवानों ने मौके पर पहुंचकर न सिर्फ उसकी जान बचाई बल्कि सीपीआर देकर उसे दोबारा जिंदगी भी दे दी।
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया था आत्मघाती कदम
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार आमजन की सुरक्षा और सहायता में सक्रिय है। इसी क्रम में थाना चोपन क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित अम्मा टोला निवासी अनिल कुमार की पत्नी छोटी ने देर रात पारिवारिक विवाद के बाद कमरे में खुद को बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद उसने पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 को दी गई।
खिड़की तोड़कर कमरे में घुसी पुलिस
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी-1070 पर तैनात मुख्य आरक्षी नरेंद्र कुमार पटेल और आरक्षी सुनील कुमार गौड़ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने खिड़की से देखा तो महिला फंदे के सहारे लटक चुकी थी। स्थिति गंभीर देख जवानों ने बिना देर किए कमरे की खिड़की तोड़ दी और अंदर घुसकर महिला को नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें बंद हो चुकी थीं।
सीपीआर देकर वापस लौटाईं सांसें
ऐसे में पुलिस टीम ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए तुरंत महिला को सीपीआर देना शुरू किया। कुछ ही देर बाद महिला की सांसें फिर से चलने लगीं। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने भी माना कि समय पर सीपीआर मिलने से महिला की जान बच सकी।
पुलिस की संवेदनशीलता की हो रही सराहना
पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस थोड़ी भी देर से पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल महिला की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।