Sonbhadra: महिला थाना के पास 22 दिन बदलेगा ट्रैफिक रूट, RCC कलवर्ट निर्माण से शहर में डायवर्जन लागू
Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज नगर में महिला थाना के पास आरसीसी कलवर्ट नाला निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने आगामी 22 दिनों के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।
Sonbhadra Robertsganj News (Social Media).jpg
Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज नगर में महिला थाना के पास आरसीसी कलवर्ट नाला निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने आगामी 22 दिनों के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज अश्वनी कुमार ने बताया कि त्वरित आर्थिक विकास प्राधिकरण योजना के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में महिला थाना के समीप आरसीसी कलवर्ट नाले का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य लगातार लगभग 22 दिनों तक चलेगा। ऐसे में सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार हल्के वाहन महिला थाना के पास स्थित निर्माण स्थल से लगभग 100 मीटर पहले बनी पुलिया से दाहिनी ओर मुड़ेंगे। इसके बाद वाहन हाइड्रिल मैदान से सटे कलवारी-खलियारी मार्ग का उपयोग करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं भारी वाहनों के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर किलोमीटर-56 से वाहनों को तेन्दू होते हुए बनौरा, कलवारी और रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग से बेलखुरी की ओर भेजा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा होगा और शहर के मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति भी नहीं बनेगी।
उप जिलाधिकारी ने आमजन, वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि निर्माण अवधि के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सकेगा और भविष्य में क्षेत्रवासियों को बेहतर जल निकासी एवं यातायात सुविधा मिल पाएगी।