Sonbhadra News: स्वाहा हुई किसानों की मेहनत, मुआवजे की मांग तेज, शॉर्ट सर्किट से 10 बीघा गेहूं राख

Sonbhadra News: सोनभद्र के हेवती गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में किसानों की तैयार फसल जलकर खाक हो गई, दमकल की देरी पर उठे सवाल, मुआवजे की मांग तेज।

Update:2026-04-18 16:59 IST

स्वाहा हुई किसानों की मेहनत, मुआवजे की मांग तेज, शॉर्ट सर्किट से 10 बीघा गेहूं राख (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद के ग्राम सभा हेवती के खेखड़ा इलाके में शनिवार को लगी भीषण आग ने किसानों की सालभर की मेहनत को कुछ ही मिनटों में राख कर दिया। करीब 10:30 बजे दिन में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते लगभग 10 बीघा गेहूं की तैयार फसल को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि स्थानीय लोग बिजली व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के कई खेत इसकी जद में आ गए। सूखी फसल और तेज हवा ने आग को और विकराल बना दिया। खेतों से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।


इस भीषण आगजनी में सुशीला देवी, योगेन्द्र देव पाण्डेय, ब्रिजेश देव पाण्डेय, राजेश देव पाण्डेय, शामलावती, किरन, और शिवम, की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। ये सभी ग्राम तरावां, थाना रॉबर्ट्सगंज के निवासी हैं। किसानों का कहना है कि यह उनकी सालभर की मेहनत थी, जो कटाई से ठीक पहले ही जलकर खाक हो गई, जिससे उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

दमकल की देरी पर उठे सवाल

ग्रामीणों के मुताबिक, दमकल विभाग को समय रहते सूचना दे दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस देरी के कारण आग ने और भयावह रूप ले लिया और नुकसान का दायरा लगातार बढ़ता गया। बाद में ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है। किसानों की आंखों के सामने उनकी खड़ी फसल जलती रही और वे बेबस होकर देखते रह गए। इस हादसे ने न सिर्फ खेतों को राख में बदला, बल्कि किसानों की उम्मीदों को भी गहरी चोट पहुंचाई है।

मुआवजे की मांग तेज

घटना के बाद प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग उठाई है। उनका कहना है कि आग से हुए नुकसान का सही आकलन कर उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे दोबारा खेती शुरू कर सकें। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और दमकल व्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए।

Tags:    

Similar News