Sonbhadra: विकास कार्यों पर सीडीओ की सख्ती, सीएम डैशबोर्ड पर सुस्ती मिलने पर अधिकारियों को चेतावनी

Sonbhadra News: सोनभद्र में सीडीओ जागृति अवस्थी ने विकास कार्यों और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की। उन्होंने सुस्त परियोजनाओं में तेजी लाने और हैंडओवर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।

Update:2026-09-18 19:48 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: विकास योजनाओं की रफ्तार और शासन की प्राथमिकताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन से निर्धारित प्रत्येक लक्ष्य को तय समयसीमा में शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए। योजनाओं की प्रगति में लापरवाही या अनावश्यक देरी को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

धीमी परियोजनाओं पर अफसरों को दो टूक निर्देश

बैठक में निर्माण कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। जिन विभागों की परियोजनाओं की रफ्तार धीमी मिली, उनके अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि निर्माण कार्य केवल समय पर पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गुणवत्ता मानकों का भी पूरी तरह पालन होना चाहिए। निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने में किसी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि निर्माण परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

पूरी परियोजना तैयार, फिर हैंडओवर में क्यों देरी

सीडीओ ने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उनकी हैंडओवर प्रक्रिया तत्काल पूरी कराई जाए। किसी स्तर पर फाइल या प्रक्रिया लंबित रहने की स्थिति नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं का लाभ समय से आमजन तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है।

डैशबोर्ड के कमजोर संकेतकों में तत्काल सुधार के निर्देश

जागृति अवस्थी ने सभी विभागों को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं और संकेतकों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उन्हें चिह्नित कर तत्काल सुधार की कार्ययोजना बनाई जाए। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की प्रगति की लगातार समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News