Sonbhadra News: कुर्सी छोड़ खेत में पहुंचे डीएम, किसान के साथ हसिया चलाकर काटी धान की फसल
Sonbhadra News: सोनभद्र के बिच्छी गांव में डीएम चर्चित गौड़ ने किसान के साथ खेत में धान की कटाई कर क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। 43.3 वर्ग मीटर में 21.880 किलोग्राम धान की पैदावार दर्ज हुई।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: सरकारी दफ्तरों में बैठकर खेती-किसानी की योजनाओं की समीक्षा करने वाले जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बुधवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए। अधिकारियों के बीच रहने वाले डीएम अचानक खेत में पहुंचे और किसान के साथ हाथ में हसिया लेकर धान की कटाई करने लगे। उन्होंने खुद फसल काटकर क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया में हिस्सा लिया और खेत में पैदा हुए धान का वजन कराकर उत्पादन का आकलन भी किया। जिलाधिकारी का यह अंदाज किसानों के श्रम के प्रति सम्मान और खेती से सीधे जुड़ाव का संदेश दे गया।
राबर्ट्सगंज तहसील के राजस्व ग्राम बिच्छी में कृषक राजू कुमार मौर्य के खेत में क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। यहां जिलाधिकारी ने केवल निरीक्षण करने के बजाय खुद खेत में उतरकर हसिया चलाया और किसान के साथ धान की फसल काटी। उन्होंने क्रॉप कटिंग की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझा और निर्धारित मानकों के अनुसार उपज का आकलन कराया।
43.3 वर्ग मीटर में 21.880 किलो धान की पैदावार
क्रॉप कटिंग के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर यानी 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का चयन किया गया। निर्धारित क्षेत्र में धान की कटाई के बाद उपज का वजन कराया गया तो कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसी आधार पर फसल की उत्पादकता का आकलन किया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से खेत में हुई वास्तविक पैदावार का आंकड़ा सामने आया। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया में स्वयं सहभागिता कर कृषि उत्पादन के आकलन की बारीकियों को भी समझा।धान की कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने की समस्या पर जिलाधिकारी ने किसानों को आगाह किया। उन्होंने जनपद के सभी किसानों से भावपूर्ण अपील की कि फसल अवशेषों को आग के हवाले न करें। पराली जलाने से वातावरण में प्रदूषण फैलता है, वायु की गुणवत्ता खराब होती है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसका नुकसान अंततः किसानों की अपनी खेती और आने वाली फसलों को उठाना पड़ता है।उन्होंने किसानों से पराली के उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि पराली जलाते हुए पाए जाने पर शासन के प्रावधानों के अनुसार जुर्माना लगाने की व्यवस्था है।
अतिरिक्त अनाज और चारा गौ आश्रय स्थलों को देने की अपील
जिलाधिकारी ने किसानों से सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक और अपील की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास जरूरत से अधिक कृषि उत्पादन, चारा और अनाज उपलब्ध है, वे जनपद के गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से दान करें। इससे आश्रय स्थलों में गोवंश के भरण-पोषण में सहयोग मिलेगा। उन्होंने किसानों से इस पुनीत कार्य में आगे आने का आह्वान किया।इस मौके पर तहसीलदार सदर राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, क्षेत्रीय लेखपाल सुबोध कुमार सिंह एवं संज्जन सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।