Sonbhadra News: दहेज की मांग ने ली विवाहिता की जान? शादी के दो साल बाद संदिग्ध मौत से सनसनी

Sonbhadra News:सोनभद्र में शादी के दो साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

Update:2026-06-15 19:56 IST

Sonbhadra Dowry Death Case

Sonbhadra News:  जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के मनरुटोला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। शादी के महज दो वर्ष बाद हुई इस घटना ने दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता धनशाय, निवासी बरवाटोला (बभनी), ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व मनरुटोला निवासी राजू भारती के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति, सास और ससुर द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में बाइक की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

पिता का आरोप है कि कई बार समझाने-बुझाने और सामाजिक स्तर पर विवाद सुलझाने के प्रयास किए गए, लेकिन आरोपितों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उनकी पुत्री के साथ लगातार मारपीट की जाती थी और अंततः उसकी हत्या कर मामले को फांसी का रूप देने का प्रयास किया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति राजू भारती, सास चिंता देवी और ससुर सुरेश कुमार के विरुद्ध दहेज हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News