Sonbhadra News: लखनऊ अग्निकांड के बाद सोनभद्र में अलर्ट: कोचिंग-लाइब्रेरियों पर फायर विभाग का छापा, कई जगह सुरक्षा इंतजाम पाए गए नदारद
Sonbhadra News: खनऊ अग्निकांड के बाद सोनभद्र प्रशासन अलर्ट मोड पर है। फायर विभाग ने जिले की कोचिंग और डिजिटल लाइब्रेरियों में छापेमारी कर अग्नि सुरक्षा मानकों का जायजा लिया और खामियां मिलने पर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी।
Sonbhadra News: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद प्रदेश भर में शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इसी कड़ी में सोनभद्र प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए जिले के कोचिंग सेंटरों और डिजिटल लाइब्रेरियों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी के नेतृत्व में फायर विभाग की टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों की जांच कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर अग्नि सुरक्षा मानकों में खामियां सामने आने पर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
निरीक्षण अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी क्षेत्र के कुल आठ कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों की जांच की गई। इनमें युवा डिजिटल लाइब्रेरी, शिफ्ट कम्प्यूटर क्लासेस, पूनम तनेजा मेमोरियल क्लासेस, स्काई कोचिंग सेंटर, भाभा कोचिंग सेंटर, द विजडम लाइब्रेरी, जया डिजिटल लाइब्रेरी और सक्सेस लाइब्रेरी शामिल रहीं।
जांच के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति, इमरजेंसी एग्जिट, बिजली वायरिंग, निकासी मार्ग और आपदा के समय छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की गई। कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों को लेकर लापरवाही के संकेत मिलने पर अधिकारियों ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने संचालकों को स्पष्ट रूप से चेताया कि आपातकालीन निकास द्वार किसी भी स्थिति में बंद या अवरुद्ध नहीं होने चाहिए। अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच कर उन्हें हर वक्त उपयोग के लिए तैयार रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान संस्थानों के कर्मचारियों और संचालकों को आग लगने की स्थिति में शुरुआती बचाव कार्य, सुरक्षित निकासी और राहत उपायों का प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी हादसे के शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं और सही निर्णय बड़ी त्रासदी को टाल सकता है।
फायर विभाग के इस अभियान को लखनऊ की हालिया घटना के बाद एहतियाती कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जिले में संचालित सभी शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।