Sonbhadra News: सोनभद्र में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू बस ने बाइक को रौंदा, दो की मौके पर मौत

Sonbhadra News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित मधुपुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार अज्ञात बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला और आठ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए।

Update:2026-08-05 15:19 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के मधुपुर फ्लाईओवर पर बुधवार को तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। एक बेकाबू अज्ञात बस ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और आठ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे मधुपुर फ्लाईओवर के पास स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (यूपी-64 वी-7214) से चार लोग जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर दूर जा गिरी और सवार सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।इस दर्दनाक हादसे में परही गांव निवासी 27 वर्षीय सुभाष यादव पुत्र रमेश यादव तथा सुकृत चहलवा निवासी लगभग 70 वर्षीय तेत्रा देवी पत्नी छोटक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं सीमा देवी (26) पत्नी उमेश यादव तथा आठ वर्षीय आर्यन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। हादसे के कारण कुछ समय तक फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया।

दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।मधुपुर फ्लाईओवर पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और लापरवाही आए दिन जानलेवा साबित हो रही है। नागरिकों ने प्रशासन से फ्लाईओवर पर सख्त यातायात व्यवस्था, नियमित पुलिस निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे किसी और परिवार को इस तरह का असहनीय दर्द न झेलना पड़े।

Tags:    

Similar News