Sonbhadra News: भारी बारिश के चलते 19 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद
Sonbhadra News: सोनभद्र में भारी बारिश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय 19 अगस्त को बंद रहेंगे। प्रशासन ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
Sonbhadra News: जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों को 19 अगस्त को बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। वहीं प्रशासन ने सोन नदी और जिले के प्रमुख बांधों के जलस्तर की स्थिति जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
19 अगस्त को बंद रहेंगे सभी स्कूल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार जनपद में कक्षा 1 से 8 तक संचालित परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी बोर्ड के विद्यालय 19 अगस्त को बंद रहेंगे। हालांकि विद्यालय बंद रहने के बावजूद शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। शिक्षक अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्यों का संपादन पूर्ववत करते रहेंगे।आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोन नदी खतरे के निशान से नीचे, फिर भी सतर्कता जरूरी
प्रशासन की ओर से 18 अगस्त को जारी जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार सोन नदी का जलस्तर 168.39 मीटर दर्ज किया गया है। नदी का खतरे का निशान 171 मीटर निर्धारित है। फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।जिले के प्रमुख बांधों की स्थिति भी फिलहाल सुरक्षित बताई गई है। नगवां बांध का वर्तमान जलस्तर 351.03 मीटर, धनरौल का 313.81 मीटर, ओबरा का 192.65 मीटर और रिहंद बांध का जलस्तर 261.37 मीटर दर्ज किया गया है। सभी बांधों का जलस्तर उनके अधिकतम स्तर से नीचे है।
ओबरा में सबसे अधिक 123 मिलीमीटर बारिश
18 अगस्त को जिले में अलग-अलग स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। रॉबर्ट्सगंज में 12 मिलीमीटर, दुद्धी में 11 मिलीमीटर, ओबरा में 123 मिलीमीटर और घोरावल में 39 मिलीमीटर बारिश हुई। कुल वर्षा 185 मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि जनपद की औसत वर्षा 46.25 मिलीमीटर बताई गई है।
नदी-नालों के पास जाने से बचें
प्रशासन ने नागरिकों से नदी, नालों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। बच्चों को विशेष रूप से नदी-नालों और तालाबों से दूर रखने को कहा गया है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे अथवा खुले स्थान पर खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।मौसम और आपदा संबंधी जानकारी के लिए ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ एप का उपयोग करने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलस्तर और वर्षा की जानकारी में बदलाव संभव है, इसलिए नागरिक नियमित अपडेट पर नजर रखें।आपदा की स्थिति में जिला आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 05444-297645 और टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें और स्वयं के साथ बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें—प्रशासन की अपील