Unnao News: मवेशियों के अवशेष से लदा पिकअप पकड़ा, बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने शुरू की जांच
Unnao News: उन्नाव-संडीला मार्ग पर बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने मवेशियों के अवशेष से लदा पिकअप पकड़ा, चालक हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की।
मवेशियों के अवशेष से लदा पिकअप पकड़ा, बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने शुरू की जांच Photo- Newstrack
Unnao News: आसीवन थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब उन्नाव-सण्डीला मार्ग पर मवेशियों के अवशेष से लदे एक पिकअप डाला को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने वाहन में गोवंशीय पशु के अवशेष होने की आशंका जताते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना डाल खेड़ा गांव के पास हुई। संडीला की ओर से आ रहे एक पिकअप डाला से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वाहन को रोककर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हैदराबाद चौकी प्रभारी विजय चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को चालक सहित थाने ले आए।
कुर्बानी के बाद बचे मवेशियों की हड्डियां और अन्य अवशेष पकड़ा गया
पुलिस पूछताछ में चालक की पहचान कानपुर के लाल बंगला निवासी अनुज मिश्रा पुत्र राम शंकर मिश्रा के रूप में हुई। चालक ने बताया कि वह हरदोई कोतवाली क्षेत्र संडीला स्थित एक मदरसे से कुर्बानी के बाद बचे मवेशियों की हड्डियां और अन्य अवशेष लेकर उन्नाव जा रहा था। रास्ते में वाहन को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रोक लिया।
वाहन को पकड़ने वालों में बजरंग दल के मंडल अध्यक्ष गौरक्षक नितिन सिंह, मीडिया प्रभारी महेंद्र सिंह, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष आकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष अश्वनी सिंह चंदेल, मंडल सचिव पवन सिंह तथा मंडल मंत्री सुजीत पाल शामिल रहे। जिला संयोजक नितिन शुक्ला ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। वाहन में संडीला से कुर्बानी के अवशेष लदे होने की बात सामने आई है। दुर्गंध के चलते लोगों को गोवंशीय मांस होने का संदेह हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।