Volleyball Championship: काशी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप में डॉ मनोज सम्मानित
Volleyball Championship: 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के दौरान काशी में प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार श्रीवास्तव को खेल एवं सेवा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
72nd Senior National Volleyball Championship Varanasi ( Image Social Media)
Volleyball Championship: बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी वाराणसी में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के दौरान खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह काशी की खेल-सांस्कृतिक गरिमा को और ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित हुआ।
विदित हो कि डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन (फिजिकली चैलेंज्ड एवं डिसेबल्ड) के अध्यक्ष हैं और दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे उत्तर प्रदेश क्रिकेट टैलेंट सर्च कमेटी के अध्यक्ष के रूप में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी सेवाओं को मान्यता मिली है—वे पेरिस ओलंपिक में चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. मनोज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में इस तरह के राष्ट्रीय खेल आयोजनों का होना न केवल काशी बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर, नई दिशा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने आयोजन की सफल रूपरेखा और प्रभावी संचालन के लिए वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. आर. के. ओझा, आयोजक सचिव सर्वेश जी, डॉ. राम मूर्ति सिंह, डॉ. अतुल सिंह, महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आनंद कुमार त्यागी, डॉ. राकेश जी सहित सैकड़ों खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने काशी को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करने का संदेश दिया।