वाराणसी में देर रात पुलिस का बड़ा एक्शन, नामी गेस्ट हाउस में देह व्यापार का भंडाफोड़, 5 युवतियों समेत 9 गिरफ्तार
Varanasi Sex Racket Busted: वाराणसी के मलदहिया स्थित गेस्ट हाउस में सिगरा पुलिस की बड़ी छापेमारी। देह व्यापार के आरोप में 5 महिलाओं समेत 9 लोग गिरफ्तार। ऑनलाइन बुकिंग, ग्राहकों से वसूली और पूरे नेटवर्क की जांच जारी।
Varanasi Sex Racket Busted: धर्मनगरी वाराणसी के मलदहिया इलाके में सिगरा थाना पुलिस ने देर रात एक गेस्ट हाउस पर अचानक छापा मारकर देह व्यापार के एक बहुत बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके से 5 महिलाओं समेत कुल 9 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए पुरुषों में गेस्ट हाउस का मुख्य मैनेजर और वहां काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, यह दूसरा कर्मचारी ग्राहकों को फंसाकर होटल तक लाने का जिम्मा संभालता था। इसके अलावा पुलिस ने मौके पर मौजूद 2 ग्राहकों को भी दबोचा है।
सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस
सिगरा थाना पुलिस को पिछले काफी समय से मलदहिया के इस गेस्ट हाउस में गलत काम होने की खुफिया जानकारियां मिल रही थीं। इस धंधे की पूरी सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने वहां अपने मुखबिरों का जाल बिछाया। जैसे ही मुखबिर से पक्की खबर मिली, सिगरा पुलिस की एक टीम सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर वहां पहुंच गई। वहां का नजारा देखकर पुलिस दंग रह गई। फौरन भारी पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और पूरे गेस्ट हाउस को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी की गई।
बंगाल से जुड़ी हैं धंधे की तारें
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ी गई 5 महिलाओं में से 4 महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं, जबकि 1 अन्य महिला किसी दूसरे राज्य की है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस धंधे को चलाने वाले मुख्य दलाल और गेस्ट हाउस के संचालक को भी हवालात में डाल दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यहां आने वाले ग्राहकों की हैसियत देखकर उनसे 2500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की मोटी रकम वसूली जाती थी।
ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी
चेतगंज के एसीपी शुभम कुमार सिंह ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर यह सफल कार्रवाई की गई है। मौके से कई तरह की आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार गैंग का एक सदस्य बेहद शातिर है, जो ग्राहकों को लुभाने के लिए उनके मोबाइल पर लड़कियों की तस्वीरें ऑनलाइन भेजता था। सौदा तय होने और ऑनलाइन या ऑफलाइन पेमेंट मिलने के बाद ग्राहकों की पसंद के मुताबिक लड़कियों को बताए गए पते पर भेजने (डिलीवरी) का काम भी किया जाता था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।