वाराणसी हादसा: आत्मविश्वेश्वर मंदिर में आरती के दौरान लगी भीषण आग, 7 श्रद्धालु झुलसे, मची भगदड़

Varanasi Temple Fire: वाराणसी के आत्मविश्वेश्वर मंदिर में आरती के दौरान भीषण आग लग गई, जिसमें 7 श्रद्धालु झुलस गए। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है और हालत अब स्थिर है।

Update:2025-08-10 08:21 IST

Varanasi Temple Fire

Varanasi Temple Fire: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शनिवार रात (9 अगस्त) को बड़ा हादसा हुआ। चौक इलाके के आत्मविश्वेश्वर मंदिर में अचानक आग लग गई, जिसमें कई लोग फंस गए। जानकारी के मुताबिक, करीब 7 लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें महमूरगंज स्थित जीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मंदिर में प्राचीन धर्मस्थल की तरह सजावट की गई थी। इसी दौरान आग लगने से कई सामान और लोग इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जांच में वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

सभी लोग सुरक्षित

इस हादसे में झुलसे करीब 7 लोगों का इलाज महमूरगंज स्थित जीएस अस्पताल में चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय नेता, विधायक, विपक्षी दल के नेता और पुलिस प्रशासन रात में ही मौके पर पहुंच गए थे। राहत की बात है कि सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।

काशी विश्वनाथ से सभी की सलामती की दुआ– अजय राय

आत्मविश्वेश्वर मंदिर में आग लगने की घटना पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चिंता जताई। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए एक्स पर लिखा, वाराणसी के मां संकठा जी मंदिर के पास स्थित श्री आत्मविश्वेश्वर महादेव मंदिर में आग लगने और कई श्रद्धालुओं के झुलसने की खबर दुखद है। बाबा श्री काशी विश्वनाथ से प्रार्थना है कि सभी घायल श्रद्धालु जल्दी स्वस्थ हों।

आरती के समय लगी आग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आत्मविश्वेश्वर मंदिर को अमरनाथ की तरह सजाया गया था। रुई से बर्फ जैसा रूप देकर जगह-जगह लगाया गया था। आरती शुरू होते ही लपटें रुई तक पहुंच गईं और आग भड़क गई। इसके बाद वहां भगदड़ की स्थिति बन गई।

Tags:    

Similar News