CM Dhami का बड़ा ऐलान: बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब और कंप्यूटर विभाग के लिए 50-50 लाख

Pushkar Singh Dhami News: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल में स्पेक्ट्रम 2026 का शुभारंभ किया, युवाओं को नवाचार और तकनीकी शिक्षा के लिए किया प्रेरित, कई अहम घोषणाएं।

Update:2026-04-11 21:07 IST

Pushkar Singh Dhami News: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के भीमताल में स्थित Birla Institute of Applied Sciences में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पवान युवाओं के हाथों में सुरक्षित है।

डॉ. कलाम को किया याद, युवाओं को दी प्रेरणा

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति A P J Abdul Kalam को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा देने की। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह युवाओं की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभा रहा है।

शिक्षा और नवाचार को मिल रहा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य लगातार कर रहा है। उन्होंने संस्थान में शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों की परंपरा को सराहनीय बताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है।

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने के लिए स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। ये योजनाएं युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना रही हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। साथ ही राज्य में मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास और आईटी लैब का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।

युवाओं के लिए नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और शोध प्रोत्साहन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से नवाचार और रिसर्च को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संस्थान में ड्रोन लैब की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन और ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News