Ujjaini Express Engine Derails: ऋषिकेश में पटरी से उतरी उज्जैनी एक्सप्रेस, मची अफरा-तफरी
Ujjaini Express Engine Derails: योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के इंजन और कई डिब्बे शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए।
Ujjaini Express Engine Derails
Ujjaini Express Engine Derails: उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार देर रात बड़ा रेल हादसा टल गया, जब योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के इंजन और कई डिब्बे शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए। यह घटना स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित खांड गांव के समीप हुई, जहां ट्रेन को मेंटेनेंस यार्ड की ओर ले जाया जा रहा था। हादसे के दौरान ट्रेन की एक बोगी अनियंत्रित होकर एक पिलर से जा टकराई, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे के समय पूरी खाली थी ट्रेन
गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी। अगर ट्रेन में यात्री मौजूद होते, तो यह दुर्घटना बेहद भयावह रूप ले सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू किया। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल पर जमा भीड़ को हटाया और इलाके को सुरक्षित किया।
ट्रेन की शंटिंग कर रहा था लोको पायलट
जीआरपी की पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने बताया कि उज्जैनी एक्सप्रेस को आगामी यात्रा के लिए तैयार किया जा रहा था। लोको पायलट ट्रेन की शंटिंग कर रहा था और इसी दौरान ट्रेन पटरी से उतर गई। शुरुआती जांच में ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि कुछ सूत्रों ने लोको पायलट की संभावित लापरवाही की आशंका भी जताई है। रेलवे प्रशासन ने दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित कर दी है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, इंजन और कुछ डिब्बों के पहिए पटरी से उतर गए थे, जिन्हें दोबारा ट्रैक पर लाने का काम तेजी से जारी है। क्षतिग्रस्त डिब्बों को मुख्य ट्रेन से अलग कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हादसा मुख्य लाइन पर नहीं बल्कि यार्ड क्षेत्र में हुआ, इसलिए रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ और सभी ट्रेनें सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। इस घटना ने रेलवे की तकनीकी सुरक्षा, रखरखाव व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।