धामी कैबिनेट के बड़े फैसले, खिलाड़ियों की इनामी राशि दोगुनी; सफाई कर्मियों को भी राहत

Uttarakhand News: सीएम धामी ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ कई जनकल्याणकारी प्रस्तावों को मंजूरी दी। चैंपियनशिप पुरस्कार राशि बढ़ी, गांवों में बनेंगे खेल क्लब।

Update:2026-11-25 15:47 IST

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि की जाएगी। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव के अनुसार, न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार की राशि 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये की जाएगी।

विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये की गई है। इसी प्रकार संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1,000, 800 और 600 रुपये कर दी गई है। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया गया है।

मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़कर 10 लाख रुपये

‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ के अंतर्गत ओवरऑल विजेता जनपद को प्रदान किए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा प्रतियोगिता में वर्तमान में शामिल 32 खेलों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। आयोजन के लिए कुल धनराशि में भी यथोचित वृद्धि की जाएगी। इसमें विशेष रूप से प्रदेश के पारंपरिक खेलों को शामिल किया जाएगा।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में गठित होंगे मुख्यमंत्री खेल क्लब

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ का गठन किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है। इसके साथ ही प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों की भांति मानदेय दिए जाने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।

मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का होगा निर्माण

आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि पर मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए संबंधित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाए जाने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।

चम्पावत में मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये मंजूर

मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये (एक करोड़ नौ लाख अठासी हजार रुपये मात्र) की धनराशि स्वीकृत किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।

Tags:    

Similar News