Uttarakhand News: चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 36 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

Uttarakhand News: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 36 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं। यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

Update:2026-06-17 09:44 IST

Satpal Maharaj

Uttarakhand News: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) की 24वीं बैठक गढ़ी कैंट स्थित आईएचएम ऑडिटोरियम में आयोजित हुई।

बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई और अधिकांश प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी गई। बैठक में ट्रेकिंग, एडवेंचर टूरिज्म, रोजगार सृजन और पर्यटन बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया।

स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे

सतपाल महाराज ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और प्रदेश की ट्रेकिंग एवं एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियां और बेहतर होंगी।

ट्रेकिंग और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर

आईएएनएस से विशेष बातचीत में मंत्री ने बताया कि आज हमारी 24वीं बैठक हुई, जो बेहद महत्वपूर्ण रही। इसमें ट्रेकिंग और एडवेंचर टूरिज्म पर विस्तार से चर्चा हुई। इन गतिविधियों को बढ़ावा देने से न सिर्फ प्रदेश का पर्यटन क्षेत्र मजबूत होगा, बल्कि इसे चार चांद लग जाएंगे।

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया नया रिकॉर्ड

उन्होंने चारधाम यात्रा के आंकड़ों पर संतोष जताते हुए कहा कि इस बार यात्रा ने रिकॉर्ड स्तर को छुआ है। यमुनोत्री में 5 लाख 76 हजार 559 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि गंगोत्री में 6 लाख 6 हजार 583 श्रद्धालु पहुंचे। केदारनाथ धाम में 12 लाख 42 हजार 917 और बद्रीनाथ धाम में 11 लाख 28 हजार 550 श्रद्धालुओं ने दर्शन प्राप्त किए। हेमकुंड साहिब में 96 हजार 152 श्रद्धालु पहुंचे। कुल मिलाकर चारधाम यात्रा में 36 लाख 50 हजार 761 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

डॉक्टरों की सलाह लेकर यात्रा पर निकलने का सुझाव

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की, "डॉक्टरों से परामर्श के बाद यात्रा पर निकलें। यात्रा के दौरान कहीं न कहीं ठहराव अवश्य लें। थोड़ा विराम लेकर, आराम करते हुए यात्रा करें। स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।"

चारधाम यात्रा के लिए प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है। दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने बताया कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Tags:    

Similar News