TRENDING TAGS :
December 2026 Hindu Calendar: दिसंबर में कब है कौन सा व्रत-त्योहार? यहां देखें पूरे महीने का कैलेंडर
December 2026 Hindu Calendar: दिसंबर में विवाह पंचमी, गीता जयंती और मोक्षदा एकादशी समेत कई प्रमुख पर्व आएंगे। जानें दिसंबर के व्रत-त्योहारों की तारीखें और खरमास शुरू होने का दिन।
December 2026 Hindu Calendar: साल 2026 का आखिरी महीना दिसंबर धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस महीने कई ऐसे व्रत और पर्व पड़ेंगे, जिनका हिंदू धर्म में विशेष महत्व बताया गया है। महीने की शुरुआत कालभैरव जयंती से होगी, जबकि आगे भगवान विष्णु की प्रिय उत्पन्ना एकादशी और मोक्षदा एकादशी का व्रत रखा जाएगा। इसके अलावा भगवान राम और माता सीता के विवाह उत्सव विवाह पंचमी, गीता जयंती, दत्तात्रेय जयंती और मार्गशीर्ष पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्व भी मनाए जाएंगे।
दिसंबर में सूर्य देव का राशि परिवर्तन भी होने वाला है। 16 दिसंबर को सूर्य वृश्चिक राशि से निकलकर धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों को करना उचित नहीं माना जाता है। हालांकि पूजा-पाठ, जप, तप और दान-पुण्य के लिए यह समय अच्छा माना गया है।
ऐसे में अगर आप भी दिसंबर महीने में पड़ने वाले व्रत और त्योहारों की तारीख पहले से जानना चाहते हैं, तो यहां देखें पूरे महीने का हिंदू व्रत-त्योहार कैलेंडर।
दिसंबर 2026 व्रत-त्योहार कैलेंडर
तारीख दिन व्रत और त्योहार
1 दिसंबर मंगलवार कालभैरव जयंती, कालाष्टमी
4 दिसंबर शुक्रवार उत्पन्ना एकादशी
5 दिसंबर शनिवार योगेश्वर द्वादशी
6 दिसंबर रविवार रवि प्रदोष व्रत
7 दिसंबर सोमवार मासिक शिवरात्रि
8 दिसंबर मंगलवार मार्गशीर्ष अमावस्या
10 दिसंबर गुरुवार चंद्र दर्शन
13 दिसंबर रविवार विनायक चतुर्थी
14 दिसंबर सोमवार विवाह पंचमी
15 दिसंबर मंगलवार स्कंद षष्ठी, सुब्रह्मण्य षष्ठी
16 दिसंबर बुधवार धनु संक्रांति, खरमास आरंभ
17 दिसंबर गुरुवार मासिक दुर्गाष्टमी
20 दिसंबर रविवार गीता जयंती, मोक्षदा एकादशी
21 दिसंबर सोमवार सोम प्रदोष व्रत
22 दिसंबर मंगलवार हनुमान जयंती (कर्नाटक परंपरा)
23 दिसंबर बुधवार दत्तात्रेय जयंती, मार्गशीर्ष पूर्णिमा
24 दिसंबर गुरुवार पौष मास प्रारंभ
26 दिसंबर शनिवार संकष्टी चतुर्थी
27 दिसंबर रविवार मंडल पूजा
30 दिसंबर बुधवार कालाष्टमी
दिसंबर में कब-कब रखा जाएगा एकादशी का व्रत?
दिसंबर 2026 में भगवान विष्णु की आराधना के लिए दो महत्वपूर्ण एकादशी व्रत रखे जाएंगे। महीने की पहली एकादशी उत्पन्ना एकादशी होगी, जबकि दूसरी मोक्षदा एकादशी के रूप में मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता है कि इन दिनों भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
उत्पन्ना एकादशी: 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
मोक्षदा एकादशी: 20 दिसंबर 2026, रविवार
मोक्षदा एकादशी का विशेष महत्व है। इसी दिन गीता जयंती भी मनाई जाएगी। मान्यता है कि इसी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था।
दिसंबर में प्रदोष व्रत की तारीख
भगवान शिव को समर्पित प्रदोष व्रत दिसंबर में दो बार रखा जाएगा। इस दिन प्रदोष काल में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक यह व्रत रखने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
रवि प्रदोष व्रत: 6 दिसंबर 2026
सोम प्रदोष व्रत: 21 दिसंबर 2026
दिसंबर में अमावस्या और पूर्णिमा कब पड़ेगी?
हिंदू धर्म में अमावस्या और पूर्णिमा दोनों तिथियों का विशेष महत्व है। अमावस्या पर पितरों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध और दान-पुण्य किया जाता है। वहीं पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान, भगवान विष्णु की पूजा और जरूरतमंदों को दान देने की परंपरा है।
मार्गशीर्ष अमावस्या: 8 दिसंबर 2026, मंगलवार
मार्गशीर्ष पूर्णिमा: 23 दिसंबर 2026, बुधवार
दिसंबर में कब से शुरू होगा खरमास?
दिसंबर महीने में सूर्य देव का धनु राशि में गोचर होने वाला है। 16 दिसंबर 2026 को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास शुरू हो जाएगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, खरमास के दौरान विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और अन्य शुभ मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं।
हालांकि इस अवधि को धार्मिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दौरान भगवान विष्णु और सूर्य देव की आराधना, मंत्र जाप, जरूरतमंदों को भोजन कराना और सामर्थ्य के अनुसार दान करना शुभ माना जाता है। खरमास का समय धार्मिक साधना और आत्मचिंतन के लिए भी विशेष माना जाता है।


