TRENDING TAGS :
Maa Kali Photo at Home:
Maa Kali Photo at Home: क्या घर के मंदिर में मां काली की तस्वीर रखनी चाहिए? जानिए किस स्वरूप की तस्वीर लगाना शुभ माना जाता है, पूजा की सही विधि और वास्तु से जुड़े जरूरी नियम।
Maa Kali ki photo ghar mein lagana हिंदू धर्म में मां काली को शक्ति, निर्भयता और दुष्टों का संहार करने वाली देवी है। मान्यता है कि उनकी आराधना करने से भक्तों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने का साहस मिलता है। मां काली का स्वरूप अन्य देवी-देवताओं से अलग और प्रभावशाली है। यही वजह है कि उनकी तस्वीर को घर के मंदिर में रखने को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल रहते हैं।
कुछ लोग मां काली के उग्र स्वरूप को देखकर घर में उनकी तस्वीर लगाने से परहेज करते हैं, तो कुछ भक्त पूरी श्रद्धा के साथ उनकी पूजा करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या मां काली की तस्वीर घर में रखना वाकई शुभ होता है? क्या उनकी तस्वीर लगाने के लिए भी कुछ खास नियमों का पालन करना पड़ता है? धार्मिक मान्यताओं और वास्तु के अनुसार, मां काली की उपासना में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी माना गया है। आइए काली बाड़ी के मुख्य पुरोहित शुभदीप जी से जानते हैं कि घर में मां काली की तस्वीर रखने से जुड़े नियम क्या हैं।
क्या घर के मंदिर में मां काली की तस्वीर रखना सही है?
मां काली को बुरी शक्तियों का नाश करने वाली और अपने भक्तों की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। उनकी पूजा केवल भय से मुक्ति पाने के लिए ही नहीं, बल्कि साहस, आत्मबल और आत्मविश्वास की कामना से भी की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में मां काली की तस्वीर रखना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन उनकी उपासना की परंपरा और विधि का ध्यान रखना जरूरी है।
काली उपासना के कुछ विशेष रूप तांत्रिक साधना और दीक्षा से जुड़े होते हैं। ऐसे में उग्र स्वरूप की तस्वीर स्थापित करने या विशेष साधना करने से पहले जानकार पुरोहित या गुरु का मार्गदर्शन लेना उचित माना जाता है। बिना जानकारी के किसी कठिन पूजा-विधि को अपनाने से बचना चाहिए।
मां काली की तस्वीर किस दिशा में लगाना बेहतर है?
घर में मां काली की तस्वीर रखने के लिए सबसे पहले पूजा स्थल का चुनाव करें। ऐसी जगह होनी चाहिए जहां साफ-सफाई बनी रहे और नियमित रूप से पूजा की जा सके। तस्वीर को किसी ऐसी जगह न रखें जहां लोगों का अनावश्यक आना-जाना हो या आसपास गंदगी रहती हो।
मां काली की उपासना के लिए दिशा और स्थापना से जुड़े विशेष नियम जानने हों, तो अपने परिवार की पूजा परंपरा के अनुसार पुरोहित से सलाह लें। तस्वीर स्थापित करने के बाद नियमित रूप से श्रद्धापूर्वक पूजा करना अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है।
घर में मां काली की कैसी तस्वीर लगाएं
मां काली की तस्वीर चुनते समय उनके स्वरूप और अपनी पूजा परंपरा का ध्यान रखें। यदि आप सामान्य रूप से घर के मंदिर में उनकी आराधना करना चाहते हैं, तो ऐसा चित्र चुन सकते हैं जो श्रद्धा और भक्ति का भाव जगाए। परिवार में यदि मां के शांत स्वरूप की पूजा की परंपरा है, तो उसी के अनुरूप तस्वीर रखना बेहतर है।
वहीं, मां काली के उग्र स्वरूप की पूजा विशेष साधना से जुड़ी मानी जाती है। इसलिए इस तरह की तस्वीर स्थापित करने से पहले किसी अनुभवी पुरोहित या गुरु से मार्गदर्शन लेना चाहिए। तस्वीर कैसी भी हो, उसके प्रति मन में श्रद्धा और सम्मान होना जरूरी है।
मां काली की तस्वीर घर में रखते समय इन बातों का रखें ध्यान
मां काली की तस्वीर घर में स्थापित करने के बाद पूजा स्थल की स्वच्छता और नियमित पूजा का ध्यान रखना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवी-देवताओं की तस्वीरों को सम्मानपूर्वक रखना चाहिए। इसके लिए कुछ सामान्य बातों का पालन कर सकते हैं।
मां काली की तस्वीर को हमेशा साफ-सुथरी जगह पर रखें। उसके आसपास गंदगी या बेकार सामान जमा न होने दें।
पूजा स्थल की नियमित सफाई करें और तस्वीर को धूल-मिट्टी से बचाकर रखें।
मां की पूजा अपनी श्रद्धा और पारिवारिक परंपरा के अनुसार करें।
पूजा के समय दीपक जलाएं और अपनी सामर्थ्य के अनुसार भोग अर्पित करें।
तस्वीर को ऐसी जगह न रखें जहां उसका अनादर होने की आशंका हो।
यदि आप मां काली की विशेष साधना या तांत्रिक उपासना करना चाहते हैं, तो बिना गुरु के मार्गदर्शन के कोई विधि न अपनाएं।
मां काली की पूजा से क्या मिलता है?
धार्मिक मान्यताओं में मां काली को शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देने वाली देवी माना गया है। भक्त उनकी आराधना सुख-शांति, सुरक्षा और जीवन की परेशानियों से लड़ने का आत्मबल पाने के लिए करते हैं। उनका स्वरूप यह संदेश देता है कि बुराई और अधर्म के सामने कभी हार नहीं माननी चाहिए।
इसलिए घर में मां काली की तस्वीर रखने को लेकर अनावश्यक भय रखने के बजाय अपनी श्रद्धा, पूजा की परंपरा और उचित मार्गदर्शन को महत्व देना चाहिए।


