TRENDING TAGS :
Odisha Aluminium Project: अदाणी और आईएचसी मिलकर ओडिशा में बनाएंगे विशाल एल्युमीनियम हब, 53,500 रोजगार की उम्मीद
Odisha Aluminium Project: ओडिशा सरकार ने अदाणी समूह और यूएई की आईएचसी के साथ ₹1.10 लाख करोड़ की एकीकृत एल्युमीनियम परियोजना के लिए एमओयू किया। यह राज्य का सबसे बड़ा एफडीआई निवेश है, जिससे 53,500 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
Odisha Aluminium Project (Image Credit-Newstrack)
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अदाणी समूह और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) के साथ ₹1.10 लाख करोड़ की एकीकृत एल्युमीनियम परियोजना स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसे ओडिशा के इतिहास का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और भारत के धातुकर्म क्षेत्र का सबसे बड़ा एफडीआई प्रस्ताव माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) और इंडस्ट्रियल प्रमोशन एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ऑफ ओडिशा (IPICOL) के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर अदाणी समूह और आईएचसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
50:50 संयुक्त उद्यम के तहत विकसित होगी परियोजना
परियोजना के लिए अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और आईएचसी समूह की कंपनी इंटरनेशनल रिसोर्सेज होल्डिंग (IRH) 50:50 के संयुक्त उद्यम (जेवी) का गठन करेंगे। दोनों साझेदार ऋण और इक्विटी के माध्यम से परियोजना के लिए आवश्यक पूंजी जुटाएंगे।
यह एकीकृत परियोजना एल्युमीनियम उत्पादन की पूरी वैल्यू चेन को विकसित करेगी, जिसमें खनन, रिफाइनिंग, स्मेल्टिंग और डाउनस्ट्रीम विनिर्माण शामिल होगा।
विश्वस्तरीय औद्योगिक परिसर होगा विकसित
प्रस्तावित परियोजना के तहत प्रतिवर्ष 40 लाख टन क्षमता की एल्युमिना रिफाइनरी, 20 लाख टन क्षमता का एल्युमीनियम स्मेल्टर, 4,000 मेगावाट क्षमता का कैप्टिव पावर प्लांट और 10 लाख टन वार्षिक क्षमता वाला डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही परियोजना के लिए आवश्यक आधुनिक औद्योगिक अवसंरचना भी विकसित की जाएगी।
अनुमान है कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 53,500 रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
ओडिशा को मिलेगा औद्योगिक विकास का नया आधार
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि यह निवेश राज्य के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक परिवर्तन के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से ओडिशा खनन और रिफाइनिंग से लेकर स्मेल्टिंग तथा डाउनस्ट्रीम विनिर्माण तक संपूर्ण एल्युमीनियम वैल्यू चेन विकसित करने में सक्षम बनेगा।
अदाणी समूह ने जताया भरोसा
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक ज़ोन (APSEZ) के प्रबंध निदेशक एवं अदाणी सीमेंट के निदेशक करण अदाणी ने कहा कि यह परियोजना ओडिशा को दीर्घकालिक विनिर्माण केंद्र के रूप में लेकर कंपनी के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह और आईएचसी के बीच प्रस्तावित संयुक्त उद्यम न केवल दोनों कंपनियों की साझेदारी को मजबूत करेगा, बल्कि राज्य में मूल्यवर्धित विनिर्माण, रोजगार सृजन और भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी नई मजबूती देगा।
महत्वपूर्ण खनिजों में निवेश पर रहेगा फोकस
आईएचसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैयद बसर शुएब ने कहा कि उनकी कंपनी इंटरनेशनल रिसोर्सेज होल्डिंग (IRH) के माध्यम से एकीकृत खनन एवं खनिज कारोबार का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों में निवेश के जरिए औद्योगिक विकास, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन को गति देना कंपनी की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि अदाणी एंटरप्राइजेज के साथ यह साझेदारी विश्वस्तरीय एकीकृत एल्युमीनियम परियोजना विकसित करने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाती है, जो दीर्घकालिक आर्थिक मूल्य सृजित करने के साथ भारत के विनिर्माण क्षेत्र को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।


