Andaman Gas Discovery: ऊर्जा क्षेत्र में भारत को बड़ी कामयाबी, अंडमान तट के पास मिला नया गैस भंडार

Andaman Gas Discovery 2026: Oil India को अंडमान तट के पास विजयपुरम-3 कुएं में प्राकृतिक गैस के संकेत मिले हैं। विशेषज्ञ इसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।

Jyotsana Singh
Published on: 6 Jun 2026 11:22 AM IST
Gas Discovery in India near Andaman coast by Oil India 2026
X

Andaman Gas Discovery India 2026

Andaman Gas Discovery 2026: तेल और गैस की कमी को लेकर इन दिनों देश में त्राहि-त्राहि मची हुई है। ऐसे में एक राहत भरी खबर सामने आई है। अभी तक जहां पाकिस्तान अपने सिंध प्रांत में तेल और गैस के संभावित भंडार मिलने की खबरों को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ भारत को भी ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरकारी कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने अंडमान समुद्री क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का एक और महत्वपूर्ण भंडार खोजने का दावा किया है। यह खोज ऐसे समय में हुई है जब देश में ऊर्जा सुरक्षा और घरेलू संसाधनों के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कंपनी का कहना है कि अंडमान द्वीप समूह के पास विजयपुरम-3 नामक कुएं में प्राकृतिक गैस के स्पष्ट संकेत मिले हैं। शुरुआती परीक्षणों के नतीजे उत्साहजनक बताए जा रहे हैं और विशेषज्ञ इसे भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।

अंडमान के समुद्र में मिला नया गैस भंडार

ऑयल इंडिया लिमिटेड के अनुसार विजयपुरम-3 कुआं अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। यह क्षेत्र लंबे समय से तेल और गैस की संभावनाओं के लिए चर्चा में रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में यहां की खोज गतिविधियों ने नई उम्मीदें जगाई हैं। कंपनी ने बताया कि यह इस ब्लॉक में हाइड्रोकार्बन यानी तेल और गैस से जुड़ी दूसरी महत्वपूर्ण खोज है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र के एक अन्य कुएं में प्राकृतिक गैस के संकेत मिल चुके हैं।

1900 मीटर से अधिक गहराई में मिले गैस के संकेत

विजयपुरम-3 कुएं की ड्रिलिंग 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में की गई। जांच के दौरान 1900 मीटर से अधिक गहराई पर प्राकृतिक गैस के संकेत मिले। परीक्षण के समय लगातार गैस का प्रवाह देखा गया, जिससे इसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।

ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार इतनी गहराई पर गैस का मिलना इस बात का संकेत है कि अंडमान बेसिन में बड़े हाइड्रोकार्बन संसाधन मौजूद हो सकते हैं। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यहां से व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन कितना संभव होगा।

अभी होंगे और परीक्षण

ऑयल इंडिया ने स्पष्ट किया है कि खोज की पुष्टि के बाद अब अगले चरण के परीक्षण किए जाएंगे। कंपनी गैस के नमूनों की गुणवत्ता, ऊर्जा क्षमता और रासायनिक संरचना की जांच कर रही है। वैज्ञानिक यह भी अध्ययन कर रहे हैं कि यह गैस किस भूवैज्ञानिक प्रक्रिया से बनी है और इसका स्रोत क्या है। इन परीक्षणों के बाद ही यह तय हो पाएगा कि भविष्य में यहां बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू किया जा सकता है या नहीं।

पहले भी मिल चुकी है सफलता

यह पहली बार नहीं है जब अंडमान क्षेत्र में गैस मिलने की खबर सामने आई हो। सितंबर 2025 में विजयपुरम-2 कुएं में भी प्राकृतिक गैस की खोज हुई थी। अब तक इस ब्लॉक में कुल तीन कुएं खोदे जा चुके हैं, जिनमें से दो में गैस के संकेत मिले हैं। लगातार मिल रही सफलताओं ने इस पूरे क्षेत्र को भारत के संभावित ऊर्जा हब के रूप में स्थापित करने की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आगे के परीक्षण सफल रहते हैं तो अंडमान बेसिन देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story