CNG Price: एक शहर में CNG के दो रेट, कहीं ₹105 तो कहीं ₹99

CNG Price: CNG Price Hike के बाद लखनऊ और आगरा में Green Gas की CNG ₹105 प्रति किलो हो गई है। आगरा में कुछ इलाकों में GAIL Gas ₹99 में मिल रही है। जानें वजह।

Jyotsana Singh
Published on: 10 Aug 2026 4:32 PM IST (Updated on: 10 Aug 2026 4:33 PM IST)
CNG Price: ₹105 at Some Pumps, ₹99 at Others — Know Why
X

CNG Price: ₹105 at Some Pumps, ₹99 at Others — Know Why

CNG Price: उत्तर प्रदेश में सीएनजी से वाहन चलाने वालों को एक बार फिर झटका लगा है। लखनऊ और आगरा में ग्रीन गैस लिमिटेड ने सीएनजी की कीमत बढ़ाकर 105 रुपये प्रति किलो कर दी है। खास बात यह है कि आगरा में एक ही शहर के अलग-अलग इलाकों में सीएनजी की कीमत अलग-अलग है। कहीं वाहन चालकों को 105 रुपये प्रति किलो चुकाने पड़ रहे हैं, तो कुछ क्षेत्रों में यही सीएनजी 99 रुपये प्रति किलो मिल रही है। यानी सिर्फ कंपनी का नेटवर्क बदलने से एक किलो सीएनजी पर 6 रुपये का अंतर पड़ रहा है।

लखनऊ और आगरा में 3 रुपये बढ़ी CNG

ग्रीन गैस लिमिटेड के महाप्रबंधक (विपणन) प्रवीण सिंह के अनुसार, लखनऊ और आगरा में सीएनजी की कीमत 102 रुपये से बढ़ाकर 105 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। नई दर लागू होने के बाद इन दोनों शहरों में सीएनजी वाहन मालिकों का खर्च बढ़ गया है।

वहीं अयोध्या, उन्नाव और सुल्तानपुर में सीएनजी की नई कीमत 101.75 रुपये प्रति किलो हो गई है। पिछले करीब चार महीनों के दौरान ग्रीन गैस के नेटवर्क वाले इलाकों में सीएनजी के दाम में कुल 8.25 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आगरा में एक ही शहर, लेकिन CNG के दो रेट

आगरा की स्थिति सबसे ज्यादा चौंकाने वाली है। यहां सीएनजी की आपूर्ति दो अलग-अलग कंपनियों के नेटवर्क से होती है। ग्रीन गैस लिमिटेड के पंपों और उसके नेटवर्क वाले क्षेत्रों में सीएनजी 105 रुपये प्रति किलो मिल रही है। दूसरी ओर, गेल गैस के नेटवर्क वाले आगरा के कुछ इलाकों में सीएनजी की कीमत 99 रुपये प्रति किलो है। दोनों कंपनियों के रेट में 6 रुपये प्रति किलो का अंतर है। इसका सीधा असर वाहन चालकों की जेब पर पड़ता है। जो चालक ज्यादा कीमत वाले क्षेत्र में रहते हैं, उनके लिए रोजाना का ईंधन खर्च बढ़ जाता है।

गेल गैस ने भी बढ़ाए थे दाम

गेल गैस ने भी 1 अगस्त को सीएनजी की कीमत में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद कंपनी के नेटवर्क में सीएनजी का रेट 98 रुपये से बढ़कर 99 रुपये प्रति किलो हो गया। ग्रीन गैस की ताजा बढ़ोतरी इससे ज्यादा है। कंपनी ने लखनऊ और आगरा में बिक्री मूल्य में सीधे 3 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की है। यही वजह है कि दोनों कंपनियों के नेटवर्क के बीच कीमतों का अंतर अब साफ दिखाई दे रहा है।

2021 में 60 रुपये थी CNG, अब 100 के पार

सीएनजी की कीमतों में पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान सीएनजी की कीमत करीब 60.95 रुपये प्रति किलो थी। इसके बाद कीमतों में कई चरणों में इजाफा हुआ।

30 दिसंबर 2021 तक सीएनजी का भाव बढ़कर 72.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गया था। बाद के वर्षों में इसमें और बढ़ोतरी हुई और कई इलाकों में कीमत 83.93 रुपये प्रति किलो तक पहुंची। अब लखनऊ और आगरा में ग्रीन गैस के नेटवर्क पर सीएनजी 105 रुपये प्रति किलो हो गई है।

क्यों बढ़ती है CNG की कीमत?

सीएनजी की कीमतें प्राकृतिक गैस की खरीद लागत, गैस की उपलब्धता, परिवहन और वितरण खर्च, टैक्स तथा संबंधित कंपनियों की लागत संरचना जैसे कई कारकों से प्रभावित होती हैं। अलग-अलग कंपनियों का गैस स्रोत, पाइपलाइन नेटवर्क और परिचालन खर्च अलग होने के कारण एक शहर में कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है।

आगरा इसका ताजा उदाहरण है। जहां ग्रीन गैस और गेल गैस के अलग-अलग नेटवर्क के कारण वाहन चालकों को अलग-अलग दाम चुकाने पड़ रहे हैं।

CNG वाहन चलाने वालों पर कितना असर?

पेट्रोल और डीजल की तुलना में सीएनजी को लंबे समय से सस्ता ईंधन विकल्प माना जाता रहा है। लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों से सीएनजी कार, ऑटो और टैक्सी चलाने वालों का खर्च भी बढ़ रहा है। खासतौर पर व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए प्रति किलो कुछ रुपये की बढ़ोतरी भी महीने के अंत तक बड़ा खर्च बन जाती है। आगरा में 105 और 99 रुपये प्रति किलो के बीच 6 रुपये का अंतर सीएनजी भरवाने के लिए पंप और कंपनी का चुनाव अब वाहन चालकों के लिए चुनौती बन चुका है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story