TRENDING TAGS :
Dishwasher Price: घर में बर्तन धोने का झंझट खत्म, GST कटते ही सस्ता हुआ Dishwasher, अब इतनी है शुरुआती कीमत
Dishwasher Price में GST कटौती के बाद कमी आई है। 2026 में बिक्री 49% बढ़ी और शुरुआती मॉडल करीब ₹25 हजार में उपलब्ध हैं। जानें पूरी डिटेल।
Dishwasher Price: GST Cut Makes Dishwashers Cheaper, Prices Start at ₹25,000
Dishwasher Price: अगर आप घर में काम वाली के रोज-रोज के नखरों से आजिज आ चुके हैं और प्रोफेशनल लाइफ की भागदौड़ के बीच रसोई से निकलने वाले बर्तनों का ढेर संभालना आपके लिए चुनौती बनता जा रहा है, तो आपके लिए राहत की खबर है। अब बर्तन धोने के लिए हर दिन किसी के आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। कभी महंगे और लग्जरी सामान में गिने जाने वाले डिशवॉशर अब पहले के मुकाबले सस्ते हो गए हैं। GST में कटौती के बाद इनकी कीमतों में कमी आई है और बाजार में करीब 25 हजार रुपये से शुरुआती मॉडल उपलब्ध होने लगे हैं। यही वजह है कि बड़े शहरों के साथ अब छोटे शहरों में भी डिशवॉशर की मांग तेजी से बढ़ रही है। 2026 में डिशवॉशर की बिक्री में भी तेज उछाल देखने को मिला है।
GST घटा तो डिशवॉशर हुआ सस्ता
डिशवॉशर को आम भारतीय परिवारों तक पहुंचाने में सबसे बड़ा बदलाव सितंबर 2025 में हुआ। सरकार ने 22 सितंबर 2025 से डिशवॉशर पर GST को 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया। GST काउंसिल के आधिकारिक दस्तावेज में भी इस बदलाव की पुष्टि की गई है।
इसके बाद कई कंपनियों ने अपने उत्पादों की कीमतों में कटौती की। उद्योग के आंकड़ों के मुताबिक कुछ डिशवॉशर मॉडल करीब ₹4,500 से ₹7,500 तक सस्ते हुए हैं और बाजार में शुरुआती कीमत करीब ₹25,000 तक पहुंच गई है। हालांकि मॉडल, क्षमता और फीचर्स के हिसाब से वास्तविक कीमत अलग-अलग हो सकती है।
2026 में तेजी से बढ़ी डिशवॉशर की बिक्री
कीमतों में कमी का असर बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। 2026 के पहले छह महीनों में भारत में डिशवॉशर की बिक्री पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 49 फीसदी बढ़ी। NielsenIQ के बिक्री आंकड़ों के मुताबिक, 15 प्लेस सेटिंग वाले बड़े मॉडल की बिक्री में तो 137 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यानी अब ग्राहक सिर्फ छोटे या बेसिक मॉडल तक सीमित नहीं हैं। बड़े परिवारों के लिए ज्यादा क्षमता वाले डिशवॉशर की मांग भी बढ़ रही है।
छोटे शहरों में भी बढ़ रही मांग
डिशवॉशर की कहानी में सबसे बड़ा बदलाव छोटे शहरों से आ रहा है। Tier-2 शहरों का योगदान अब कुल यूनिट बिक्री में करीब 30 फीसदी बताया गया है। यानी यह उपकरण अब केवल महानगरों या बड़े और महंगे घरों की जरूरत नहीं माना जा रहा। कम कीमत, ऑनलाइन खरीदारी की बढ़ती सुविधा और घरेलू काम को आसान बनाने वाले उपकरणों की बढ़ती मांग इसके पीछे अहम कारणों में शामिल हैं।
भारतीय बर्तनों को ध्यान में रखकर बन रहे मॉडल
भारतीय रसोई में डिशवॉशर को लेकर लंबे समय से एक सवाल रहा है, क्या यह कड़ाही, कुकर और मसाले वाले बर्तनों को ठीक से साफ कर पाएगा? अब कंपनियां इसी समस्या को ध्यान में रखकर मशीनों को भारतीय खाना पकाने के तरीके के अनुरूप तैयार कर रही हैं।
कई मॉडलों में कड़ाही और ज्यादा गंदे बर्तनों के लिए विशेष वॉश प्रोग्राम दिए जा रहे हैं। मसाले, तेल और खाने के जमे हुए अवशेषों को साफ करने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। यही वजह है कि कंपनियां ग्राहकों को डिशवॉशर का इस्तेमाल समझाने और इसके बारे में बनी गलतफहमियां दूर करने पर भी जोर दे रही हैं।
फिर भी ज्यादातर भारतीय घरों से दूर है डिशवॉशर
बिक्री में तेजी के बावजूद भारत में डिशवॉशर की पहुंच अभी बहुत कम है। बाजार शोध के अनुसार 2025 में भारतीय घरों में इसकी पहुंच 0.5 फीसदी से भी कम थी। इसके मुकाबले अमेरिका और पश्चिमी यूरोप में डिशवॉशर की घरेलू पहुंच करीब 70-75 फीसदी बताई जाती है।
भारत में इसकी कम पहुंच के पीछे कीमत के अलावा रसोई की जगह, भारतीय बर्तनों की बनावट और पारंपरिक तरीके से बर्तन धोने की आदत जैसे कारण भी बताए जाते हैं। इसलिए कीमत घटने के साथ-साथ भारतीय परिस्थितियों के मुताबिक बेहतर मशीनें बनना भी इस बाजार के लिए महत्वपूर्ण है।
डिशवॉशर अभी भारतीय घरों में वॉशिंग मशीन या फ्रिज जितना आम नहीं हुआ है। लेकिन GST कटौती के बाद कीमतों में आई कमी, छोटे शहरों में बढ़ती बिक्री और भारतीय बर्तनों के लिए तैयार किए जा रहे नए फीचर्स इस कैटेगरी में अब बाजार में बड़ा बदलाव लेकर आ रहे हैं।


