Elon Musk Trillionaire: दुनिया ने किया था शक, आनंद महिंद्रा ने जताया भरोसा, एलन मस्क ने हासिल कर लिया ट्रिलियन डॉलर का मुकाम

Elon Musk Trillionaire 2026: जब दुनिया ने Elon Musk पर शक किया, तब Anand Mahindra ने उनका साथ दिया था।

Jyotsana Singh
Published on: 15 Jun 2026 10:33 AM IST (Updated on: 15 Jun 2026 10:37 AM IST)
Elon Musk becomes a trillionaire as Anand Mahindra recalls supporting him during Teslas toughest days
X

Elon Musk Trillionaire 

Elon Musk Trillionaire: भविष्य की तकनीकों पर बड़े दांव लगाने, नवाचार करने, इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला, अंतरिक्ष कंपनी स्पेस एक्स और सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक जैसी उपलब्धियों के लिए पूरी दुनिया में एलन मस्क एक चर्चित नाम है।

हाल ही में वैश्विक पटल पर सबसे ज्यादा अमीर उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसे कभी असंभव माना जाता था। स्पेसएक्स की लगातार बढ़ती वैल्यू और उनके अन्य कारोबारों की सफलता के दम पर मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच भारतीय ऑटोमेकर कंपनी महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने लोगों का ध्यान अपने एक ऐसे संदेश की ओर खींचा है, जो पैसों और वैल्यूएशन से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। आनंद महिंद्रा ने हाल ही में एक बातचीत में 2018 का वह दौर याद किया, जब एलन मस्क अपने करियर के सबसे कठिन समय से गुजर रहे थे। उस समय टेस्ला उत्पादन संबंधी चुनौतियों से जूझ रही थी, निवेशकों का भरोसा डगमगा रहा था और आलोचक कंपनी के भविष्य पर लगातार सवाल उठा रहे थे। आइए जानते हैं इस पर विस्तार से -

जब मस्क के विजन पर उठ रहे थे सवाल


आज जिस एलन मस्क को दुनिया तकनीक और नवाचार का सबसे बड़ा चेहरा मानती है, कुछ साल पहले वही व्यक्ति भारी दबाव में था। 2018 में टेस्ला की 'मॉडल 3' प्रोडक्शन क्षमता को लेकर कई तरह की आशंकाएं थीं। मीडिया रिपोर्ट्स और बाजार विशेषज्ञों का मानना था कि कंपनी अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगी। ऐसे माहौल में आनंद महिंद्रा ने सार्वजनिक रूप से मस्क का समर्थन किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर मस्क के लिए एक संदेश लिखा था, 'डटे रहो एलन मस्क। तुम्हारी फैक्ट्री अब तेजी से काम कर रही है। दुनिया को तुम जैसे प्रेरणादायक इनोवेटर्स की जरूरत है।' महिंद्रा का कहना है कि किसी भी इनोवेटर की असली परीक्षा उसके अच्छे समय में नहीं, बल्कि मुश्किल दौर में होती है। उनके मुताबिक उस समय मस्क की सबसे बड़ी ताकत उनकी जिद, आत्मविश्वास और कभी हार न मानने वाली सोच थी।

ट्रिलियन डॉलर से बड़ी है यह कहानी


आनंद महिंद्रा का मानना है कि आज दुनिया ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति और रिकॉर्ड वैल्यूएशन की बात कर रही है, लेकिन असली कहानी उस भरोसे की है जिसने मस्क को संकट के दौर में भी आगे बढ़ने की ताकत दी। महिंद्रा ने कहा कि एलन मस्क ने कभी यह विश्वास नहीं छोड़ा कि जो चीज आज असंभव लगती है, वह कल वास्तविकता बन सकती है। यही सोच उन्हें बाकी उद्यमियों से अलग बनाती है।

स्पेसएक्स बना सफलता का सबसे बड़ा आधार


एलन मस्क की संपत्ति में सबसे बड़ा योगदान स्पेसएक्स का रहा है। अंतरिक्ष क्षेत्र में काम करने वाली यह निजी कंपनी पिछले कुछ वर्षों में तेजी से आगे बढ़ी है। पुन: उपयोग योग्य रॉकेट तकनीक, सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक और अंतरिक्ष मिशनों में लगातार सफलता ने कंपनी की वैल्यू को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया।

एक समय था जब निजी अंतरिक्ष कंपनी का विचार ही जोखिम भरा माना जाता था। लेकिन आज स्पेसएक्स दुनिया की सबसे मूल्यवान निजी कंपनियों में शामिल है और यही सफलता मस्क को ट्रिलियन डॉलर क्लब तक ले गई।

टेस्ला से लेकर AI तक फैला है कारोबार

स्पेसएक्स के अलावा मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला, कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी उनकी पहलें, न्यूरालिंक और अन्य टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट्स भी उनकी बढ़ती संपत्ति के बड़े स्रोत बने हैं। मस्क लगातार ऐसे क्षेत्रों में निवेश करते रहे हैं, जिन्हें शुरुआत में कई लोगों ने अव्यावहारिक या बेहद जोखिम भरा माना था। एलन मस्क की सफलता की वजह धन-दौलत नहीं बल्कि विश्वास, धैर्य और जोखिम उठाने की क्षमता से जुड़ी है, जो किसी भी बड़े बदलाव की नींव बनती है। आज जब दुनिया उन्हें पहले ट्रिलियनेयर के रूप में देख रही है, तब आनंद महिंद्रा का यह संदेश कि, महान उपलब्धियां अचानक नहीं बनतीं, बल्कि उन कठिन दिनों में आकार लेती हैं जब अधिकांश लोग हार मान लेते हैं....आज सोशल मीडिया पर लोगों के बीच जमकर वायरल हो रहा है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story