EPS Pension Formula: प्राइवेट कर्मचारियों की पेंशन ऐसे होती है तय, जानें पूरा फॉर्मूला

EPS Pension Formula: प्राइवेट कर्मचारियों की EPS पेंशन कैसे तय होती है? जानें पेंशन योग्य वेतन, सेवा अवधि, 10 साल की पात्रता और 58 साल की उम्र समेत पूरा फॉर्मूला।

Jyotsana Singh
Published on: 13 Aug 2026 6:10 PM IST (Updated on: 13 Aug 2026 6:13 PM IST)
EPS Pension Formula:  प्राइवेट कर्मचारियों की पेंशन ऐसे होती है तय, जानें पूरा फॉर्मूला
X

EPS Pension Formula: प्राइवेट सेक्टर में काम करने वालों का दायरा आज के दौर में काफी ज्यादा विस्तार ले चुका है। ऐसे में उनकी रिटायरमेंट के बाद की जिंदगी को आर्थिक तौर पर सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्राइवेट नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए EPFO का कवच प्रदान किया गया है। रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन का हिसाब सरकारी नौकरी से काफी अलग होता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO के तहत आने वाले कर्मचारियों को Employees’ Pension Scheme (EPS), 1995 के नियमों के मुताबिक पेंशन मिलती है। यहां पेंशन आपकी पूरी सैलरी देखकर तय नहीं होती, बल्कि पेंशन योग्य वेतन और पेंशन योग्य सेवा के आधार पर इसका हिसाब लगाया जाता है। यही वजह है कि 30 हजार या 50 हजार रुपये महीना कमाने वाले कर्मचारी की EPS पेंशन उसकी पूरी सैलरी के अनुपात में नहीं बढ़ती।

EPS में पेंशन निकालने का क्या है फॉर्मूला?

EPS की पेंशन निकालने के लिए एक तय फॉर्मूला है। इसमें पेंशन योग्य सेवा को पेंशन योग्य वेतन से गुणा करके 70 से भाग दिया जाता है। यानी मासिक पेंशन = पेंशन योग्य वेतन × पेंशन योग्य सेवा ÷ 70। उदाहरण के लिए अगर किसी कर्मचारी का पेंशन योग्य वेतन 15,000 रुपये है और उसकी पेंशन योग्य सेवा 20 साल है, तो सामान्य गणना के हिसाब से 15,000 × 20 ÷ 70 यानी करीब 4,286 रुपये मासिक पेंशन बनती है। हालांकि 20 साल या उससे ज्यादा की सेवा में नियमों के तहत अतिरिक्त लाभ का असर वास्तविक गणना पर पड़ सकता है।

15 हजार रुपये की सीमा से क्यों बदल जाता है पेंशन का हिसाब?

EPS में सामान्य पेंशन गणना के लिए पेंशन योग्य वेतन की अधिकतम सीमा 15,000 रुपये प्रति माह है। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर किसी कर्मचारी की सैलरी 30,000 या 50,000 रुपये है, लेकिन वह लागू नियमों के तहत ज्यादा पेंशन वाले विकल्प में शामिल नहीं है, तो सामान्य EPS गणना में 15,000 रुपये की सीमा को ही आधार माना जाएगा। इसलिए सिर्फ ज्यादा वेतन मिलने से EPS पेंशन अपने आप ज्यादा नहीं हो जाती। यही वजह है कि किसी कर्मचारी को अपनी संभावित पेंशन का अंदाजा लगाने के लिए सबसे पहले यह देखना चाहिए कि उसका EPS में पेंशन योग्य वेतन कितना माना जा रहा है।

पेंशन योग्य वेतन सैलरी से नहीं होता तय

EPS में पेंशन योग्य वेतन केवल कर्मचारी की आखिरी महीने की सैलरी देखकर तय नहीं किया जाता। सामान्य तौर पर रिटायरमेंट या नौकरी से बाहर निकलने से पहले के 60 महीनों की औसत पेंशन योग्य सैलरी को आधार बनाया जाता है। इसलिए अगर किसी कर्मचारी की सैलरी रिटायरमेंट से कुछ समय पहले अचानक बढ़ती है, तो पूरी पेंशन उसी बढ़ी हुई सैलरी के आधार पर तय नहीं हो जाती।

यहां पेंशन योग्य वेतन की निर्धारित सीमा भी लागू होती है। इसी कारण EPS का हिसाब EPF खाते में जमा कुल रकम से अलग तरीके से किया जाता है।

10, 20 और 30 साल नौकरी पर कितनी बनेगी पेंशन?

पेंशन योग्य वेतन 15,000 रुपये मानें, तो 10 साल की सेवा पर सामान्य फॉर्मूले से करीब 2,143 रुपये, 20 साल पर करीब 4,286 रुपये और 30 साल पर करीब 6,429 रुपये मासिक पेंशन बनती है। वहीं वास्तविक पेंशन में पात्र सेवा, 20 साल की सेवा पर मिलने वाली अतिरिक्त वेटेज और पेंशन शुरू करने की उम्र जैसे नियमों का असर हो सकता है। EPS के नियमों में 20 साल या उससे ज्यादा की पेंशन योग्य सेवा पूरी करने वाले सदस्य को दो साल की अतिरिक्त सेवा का लाभ दिए जाने का प्रावधान है। इसलिए लंबी सेवा वाले कर्मचारी के मामले में केवल सामान्य फॉर्मूले से निकली रकम को अंतिम पेंशन नहीं माना जाना चाहिए।

EPS पेंशन के लिए 10 साल की सेवा क्यों जरूरी है?

प्राइवेट कर्मचारी के लिए EPS में 10 साल की पात्र सेवा पूरी करना बेहद महत्वपूर्ण है। सामान्य तौर पर 10 साल की पेंशन योग्य सेवा पूरी होने पर कर्मचारी को भविष्य में मासिक पेंशन का अधिकार मिलता है। 58 साल की उम्र पूरी होने पर पात्र सदस्य नियमित EPS पेंशन ले सकता है। मौजूदा प्रावधानों के तहत पात्रता पूरी करने वाले सदस्य के लिए न्यूनतम मासिक पेंशन 1,000 रुपये है। अगर कोई कर्मचारी 10 साल की पात्र सेवा पूरी होने से पहले नौकरी छोड़ देता है, तो सामान्य मासिक पेंशन का अधिकार नहीं बनता। वहीं नियमों के तहत वह विड्रॉल बेनिफिट या स्कीम सर्टिफिकेट का विकल्प चुन सकता है। फाइनेंस एक्सपर्ट्स के अनुसार स्कीम सर्टिफिकेट की मदद से पिछली EPS सेवा को भविष्य की नौकरी में मिलने वाली EPS सेवा के साथ जोड़ा जा सकता है।

EPS में कर्मचारी की सैलरी से अलग से कटता है पैसा?

कर्मचारी की सैलरी से अलग से EPS का पैसा नहीं काटा जाता। EPFO के नियमों के मुताबिक नियोक्ता के EPF योगदान का एक हिस्सा EPS में जाता है। इसके अलावा केंद्र सरकार भी निर्धारित सीमा तक EPS में योगदान करती है।यानी कर्मचारी के लिए EPF और EPS एक ही चीज नहीं हैं। EPF में कर्मचारी और नियोक्ता के योगदान से रिटायरमेंट के लिए फंड तैयार होता है, जबकि EPS में नियमों के अनुसार पात्रता पूरी होने पर मासिक पेंशन मिलती है। इसलिए अपने EPF खाते में जमा रकम देखकर EPS की मासिक पेंशन का सीधा अंदाजा नहीं लगाना चाहिए।

58 साल से पहले पेंशन लेने पर क्या होगा?

EPS में कुछ शर्तों के साथ 50 साल की उम्र पूरी होने के बाद भी पेंशन लेने का विकल्प मिलता है। इसे अर्ली पेंशन (early pension) कहा जाता है। हालांकि 58 साल से पहले पेंशन शुरू करने पर मासिक पेंशन की रकम कम हो जाती है। इसके उलट, पात्र कर्मचारी अपनी पेंशन को 58 साल के बाद भी टाल सकता है और 60 साल तक इसे स्थगित करने पर अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। इसलिए EPS में पेंशन की सही रकम जानने के लिए सिर्फ नौकरी के वर्षों को देखना पर्याप्त नहीं है। पेंशन योग्य वेतन, कुल पेंशन योग्य सेवा, 10 साल की पात्र सेवा, 20 साल की सेवा पर मिलने वाला लाभ और पेंशन शुरू करने की उम्र, इन सभी चीजों को साथ में देखना जरूरी है। यही कारक तय करते हैं कि रिटायरमेंट के बाद हर महीने आपके खाते में कितनी EPS पेंशन आएगी।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story