TRENDING TAGS :
Gold Silver Rate Today: सोना ₹4,200 और चांदी ₹10,000 तक टूटी, एक साल के निचले स्तर पर पहुंचे भाव; खरीदारी का बड़ा मौका?
Gold Silver Rate Today: लंबे समय से सोने-चांदी की कीमतों में कमी का इंतजार कर रहे ग्राहकों को इससे राहत मिल सकती है। हालांकि, बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की आशंका है।
Gold Silver Rate Today: सोना-चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। कमोडिटी बाजार में शुक्रवार रात अचानक आई भारी बिकवाली के चलते दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। चांदी एक ही झटके में 10 हजार रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई, जबकि सोने के भाव में करीब 4,200 रुपये की गिरावट आई। इस गिरावट के साथ सोना और चांदी दोनों पिछले 12 महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं।
लंबे समय से सोने-चांदी की कीमतों में कमी का इंतजार कर रहे ग्राहकों को इससे राहत मिल सकती है। हालांकि, बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की आशंका है।
रात 8 बजे अचानक धड़ाम हुए सोने-चांदी के भाव
शुक्रवार रात करीब 8 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार के दौरान अचानक बिकवाली तेज हो गई। दिसंबर फ्यूचर वाली चांदी की कीमत करीब 5 फीसदी गिरकर 1.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई। इसमें एक झटके में 10 हजार रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, सोने की कीमत भी करीब 3 फीसदी टूट गई। MCX पर सोना लगभग 4,200 रुपये गिरकर 1,38,250 से 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। बाजार में इस तेज गिरावट ने निवेशकों और खरीदारों का ध्यान खींचा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी
भारतीय बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। विदेशी बाजार में सोना 3.3 फीसदी से ज्यादा टूटकर 3,880 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया। पिछले साल अक्टूबर के बाद यह इसका सबसे निचला स्तर बताया जा रहा है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत भी करीब 5.12 फीसदी गिरकर 49 से 49.70 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई। इससे वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं के बाजार में दबाव साफ दिखाई दे रहा है।
24, 22 और 18 कैरेट सोने का नया भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सोने की अलग-अलग शुद्धता के भाव में भी गिरावट दर्ज की गई है।
- 24 कैरेट सोना: करीब 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम।
- 22 कैरेट सोना: करीब 1.28 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम।
- 18 कैरेट सोना: करीब 1.05 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम।
- 999 शुद्धता वाली चांदी: 1,81,344 रुपये प्रति किलोग्राम।
ध्यान रहे कि ये IBJA के बताए गए भाव हैं। आभूषण खरीदते समय जीएसटी, मेकिंग चार्ज और स्थानीय ज्वैलर्स के अन्य शुल्क के कारण अंतिम कीमत अलग हो सकती है।
आखिर अचानक क्यों गिर गए सोने-चांदी के दाम?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने और चांदी में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे मुनाफावसूली के साथ अमेरिका से आए आर्थिक आंकड़े भी अहम वजह हैं। अमेरिकी जीडीपी के बेहतर आंकड़ों और महंगाई बने रहने के संकेतों ने निवेशकों की रणनीति बदल दी है।
इसके अलावा मजबूत अमेरिकी डॉलर, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी ने भी सोने पर दबाव बनाया है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की ओर से ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख के संकेत मिलने से भी निवेशकों की चिंता बढ़ी है। ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका में निवेशक सोने-चांदी से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों में निवेश कर रहे हैं।
क्या आगे और सस्ता होगा सोना-चांदी?
कीमतों में आई इस गिरावट के बाद अब खरीदारों और निवेशकों की नजर बाजार के अगले रुझान पर है। हालांकि, सोने-चांदी की कीमतें आगे और गिरेंगी या फिर दोबारा तेजी आएगी, यह डॉलर की चाल, अमेरिकी ब्याज दरों और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। इसलिए खरीदारी से पहले ताजा भाव जरूर जांच लें।


