TRENDING TAGS :
संस्कारों के साथ डिजिटल ज्ञान: अयोध्या गुरुकुल में Adani Foundati ने स्थापित की आधुनिक कंप्यूटर लैब
Adani Foundation News: अदाणी फाउंडेशन की पहल से अयोध्या के गुरुकुल में आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित हुई, जिससे विद्यार्थियों को संस्कारों के साथ डिजिटल शिक्षा का अवसर मिलेगा।
संस्कारों के साथ डिजिटल ज्ञान: अयोध्या गुरुकुल में Adani Foundati ने स्थापित की आधुनिक कंप्यूटर लैब (Photo- Newstrack)
Adani Foundation News: अयोध्या के ऐतिहासिक श्री निःशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय में अब विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा और संस्कारों के साथ आधुनिक कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का ज्ञान भी मिल सकेगा। प्रसिद्ध उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के निर्देश पर अदाणी फाउंडेशन की पहल के तहत गुरुकुल में आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की गई है। इस पहल को प्राचीन गुरुकुल शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अप्रैल में अयोध्या पहुंचे थे गौतम अदाणी
दरअसल, अप्रैल 2026 में उद्योगपति गौतम अदाणी अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी, पुत्र करण अदाणी और बहू परिधि अदाणी भी थीं। परिवार ने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजन किए थे। इसके बाद गौतम अदाणी ने अयोध्या के ऐतिहासिक श्री निःशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने गुरुकुल के शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद भी किया था।
विद्यार्थियों की छोटी सी इच्छा हुई पूरी
गुरुकुल के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने गौतम अदाणी के सामने आधुनिक कंप्यूटर लैब की आवश्यकता जताई थी। विद्यार्थियों की इस छोटी-सी इच्छा को पूरा करने के लिए अदाणी फाउंडेशन की पहल पर अब गुरुकुल में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की गई है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक की जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा कर गुरुकुल में आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि श्री निःशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक कंप्यूटर लैब के माध्यम से तकनीक से जुड़ते देखना बेहद खुशी की बात है। विद्यार्थियों की एक छोटी-सी इच्छा को पूरा कर पाना उनके लिए अपार प्रसन्नता का विषय है।
प्राचीन ज्ञान परंपरा और डिजिटल युग के बीच सेतु
गौतम अदाणी ने इस पहल को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और डिजिटल युग के बीच सेतु बनाने की दिशा में एक विनम्र प्रयास बताया। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखते हुए शिक्षा और ज्ञान के नए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने गुरुकुल के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।
संस्कारों के साथ तकनीकी ज्ञान की तैयारी
अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के बीच शिक्षा के क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल एक नई तस्वीर प्रस्तुत करती है। गुरुकुल के विद्यार्थी अब परंपरागत शिक्षा, संस्कार और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का ज्ञान भी हासिल कर सकेंगे। आधुनिक तकनीकी संसाधनों से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, डिजिटल शिक्षा और भविष्य में रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार होने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस तरह गुरुकुल की प्राचीन शिक्षा पद्धति और आधुनिक तकनीक का यह संगम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक पहल बनकर सामने आया है।


