TRENDING TAGS :
HDFC Bank New CEO: जिसने ₹10,000 करोड़ का रिकॉर्ड बनाया, अब उसी के हाथ में HDFC की कमान, कौन हैं अनूप बागची?
HDFC Bank New CEO अनूप बागची 27 अक्टूबर से कमान संभालेंगे। जानें IIT-IIM से पढ़े बागची का बैंकिंग और इंश्योरेंस करियर।
HDFC Bank New CEO: Who Is Anoop Bagchi Behind the ₹10,000 Crore Record?
HDFC Bank New CEO: देश के बड़े प्राइवेट बैंकों में शामिल HDFC Bank को नया लीडर मिल गया है। बैंक ने अनूप बागची को अपना नया मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यानी MD & CEO नियुक्त किया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने उनकी नियुक्ति को तीन साल के कार्यकाल के लिए मंजूरी दे दी है। बागची 27 अक्टूबर 2026 से बैंक की कमान संभालेंगे और मौजूदा MD एवं CEO शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे। लेकिन अनूप बागची की नई जिम्मेदारी सिर्फ इसलिए चर्चा में नहीं है कि वह देश के बड़े निजी बैंक के शीर्ष पद पर पहुंच रहे हैं। उनकी प्रोफाइल में बैंकिंग से लेकर कैपिटल मार्केट और इंश्योरेंस तक का लंबा अनुभव है। खास बात यह है कि ICICI Prudential Life Insurance के नेतृत्व के दौरान कंपनी ने FY2025 में पहली बार ₹10,000 करोड़ से ज्यादा का Annualised Premium Equivalent यानी APE हासिल किया था।
RBI ने दी मंजूरी, 27 अक्टूबर से संभालेंगे HDFC Bank की कमान
HDFC Bank ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि RBI ने 1 अक्टूबर 2026 के अपने पत्र के जरिए अनूप बागची की नियुक्ति और उनके पारिश्रमिक को मंजूरी दी है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा और वह 27 अक्टूबर से MD & CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे। नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी से जुड़ी नियामकीय प्रक्रिया के अधीन भी है।
मौजूदा MD और CEO शशिधर जगदीशन का कार्यकाल 26 अक्टूबर 2026 को पूरा हो रहा है। इसके अगले दिन बागची बैंक की कमान संभालेंगे। इस तरह HDFC Bank में एक महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है।
कौन हैं अनूप बागची, जिन पर HDFC Bank ने जताया भरोसा?
अनूप बागची वित्तीय सेवाओं की दुनिया में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ प्रोफेशनल हैं। वह 1992 से ICICI Group से जुड़े रहे हैं और अपने लंबे करियर में ट्रेजरी, रिटेल बैंकिंग, होलसेल बैंकिंग, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, कैपिटल मार्केट और डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर चुके हैं।
उनके करियर में ICICI Securities के MD और CEO से लेकर ICICI Bank के Executive Director और ICICI Prudential Life Insurance के MD और CEO तक की अहम जिम्मेदारियां शामिल रही हैं। यानी उनका अनुभव केवल पारंपरिक बैंकिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वित्तीय सेवाओं के कई हिस्सों तक फैला हुआ है।
IIT Kanpur और IIM Bangalore से पढ़े हैं बागची
अनूप बागची की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी खास है। उन्होंने IIT Kanpur से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और इसके बाद IIM Bangalore से मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की। अब IIT-IIM से पढ़े बागची के सामने देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंकों में से एक HDFC Bank को अगले चरण में ले जाने की जिम्मेदारी होगी।
बैंक की प्रोफाइल के मुताबिक, बागची का करियर बिजनेस बनाने, रणनीतिक नेतृत्व और बदलते वित्तीय सेवा क्षेत्र को समझने के अनुभव से जुड़ा रहा है। यही विविध अनुभव उनकी शानदार प्रोफाइल में आकर्षण का केन्द्र हैं।
ICICI Bank में भी निभाई अहम जिम्मेदारी
अनूप बागची 2017 से 2023 तक ICICI Bank के Executive Director रहे। इस दौरान उन्होंने पहले Retail, Business और Rural Banking की जिम्मेदारी संभाली और बाद में Wholesale Banking का नेतृत्व किया। बैंक की प्रोफाइल के मुताबिक, इस अवधि में उन्होंने रिटेल कारोबार को मजबूत करने और ग्रोथ के साथ क्रेडिट व लागत अनुशासन बनाए रखने में भूमिका निभाई।
उनके कार्यकाल से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि ICICI Bank के रिटेल मॉर्गेज पोर्टफोलियो से भी जुड़ी है। HDFC Bank के अनुसार, उनके नेतृत्व के दौरान ICICI Bank का रिटेल मॉर्गेज पोर्टफोलियो ₹2 लाख करोड़ से ऊपर पहुंचा और वह इस स्तर तक पहुंचने वाला पहला निजी क्षेत्र का बैंक बना।
ICICI Prudential Life में दिखाया बिजनेस बढ़ाने का ट्रैक रिकॉर्ड
बागची जून 2023 से ICICI Prudential Life Insurance के MD और CEO के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में कंपनी ने FY2025 में पहली बार ₹10,000 करोड़ के Annualised Premium Equivalent यानी APE का आंकड़ा पार किया।
FY2025 में कंपनी का APE सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर ₹10,407 करोड़ हो गया। इसी अवधि में कंपनी का टैक्स के बाद मुनाफा यानी Profit After Tax करीब 40 प्रतिशत बढ़कर ₹1,189 करोड़ पहुंच गया। ICICI Prudential Life ने अपने आधिकारिक रिकॉर्ड में FY2025 के मुनाफे में 39.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जानकारी दी थी।
यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि बागची की भूमिका सिर्फ बिक्री बढ़ाने तक सीमित नहीं रही। HDFC Bank की प्रोफाइल के अनुसार, उनके कार्यकाल में प्रोटेक्शन प्रोडक्ट्स और नए बिजनेस जेनरेशन में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी की ग्रोथ को मुनाफे और स्थिर विस्तार के साथ आगे बढ़ाने पर जोर रहा।
ICICI Securities से कैपिटल मार्केट का भी अनुभव
बागची के करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कैपिटल मार्केट से भी जुड़ा रहा है। वह ICICI Securities के MD और CEO रह चुके हैं। इससे उन्हें बैंकिंग कारोबार के साथ-साथ निवेश और कैपिटल मार्केट से जुड़े बिजनेस की भी समझ मिली।
यही वजह है कि HDFC Bank के नए प्रमुख की प्रोफाइल केवल बैंकिंग अनुभव तक सीमित नहीं है। उनके करियर में बैंकिंग, कैपिटल मार्केट, वेल्थ मैनेजमेंट और इंश्योरेंस इन चारों क्षेत्रों का अनुभव शामिल है।
अब HDFC Bank के सामने होगी नई लीडरशिप की चुनौती
अनूप बागची ऐसे समय HDFC Bank की कमान संभाल रहे हैं, जब बैंक में नेतृत्व परिवर्तन हो रहा है। शशिधर जगदीशन अक्टूबर के अंत में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और उसके बाद बागची जिम्मेदारी संभालेंगे।
बागची के सामने बैंकिंग कारोबार के बड़े पैमाने को संभालने के साथ-साथ ग्रोथ, क्रेडिट क्वालिटी, डिजिटल सेवाओं और अलग-अलग ग्राहक वर्गों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।


