Reliance Industries: भारत के सबसे बड़े IPO की तैयारी! मुकेश अंबानी ने Jio को लेकर किया बड़ा खुलासा

Reliance Industries की 49वीं AGM में मुकेश अंबानी ने Jio IPO को लेकर बड़ा ऐलान किया। आकाश, ईशा और अनंत अंबानी IPO प्रक्रिया का नेतृत्व करेंगे। जानिए Jio की लिस्टिंग से जुड़ी बड़ी बातें।

Harsh Sharma
Published on: 19 Jun 2026 3:55 PM IST
Reliance Industries: भारत के सबसे बड़े IPO की तैयारी! मुकेश अंबानी ने Jio को लेकर किया बड़ा खुलासा
X

Reliance Industries: रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है और इसे सेबी के पास जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जियो का आईपीओ भारतीय शेयर बाजार के इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है। इस घोषणा के बाद निवेशकों के बीच उत्साह बढ़ गया है।

शेयरधारकों से रिश्ते को बताया खास

AGM को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस और उसके शेयरधारकों के बीच विश्वास और साझा विकास का मजबूत रिश्ता है। उन्होंने कहा कि कंपनी हमेशा अपने निवेशकों के हितों को प्राथमिकता देती रही है और यही परंपरा आगे भी जारी रहेगी। मुकेश अंबानी ने कहा कि यह क्षण उनके लिए और रिलायंस परिवार के लिए बेहद भावनात्मक है। उन्होंने अपने पिता धीरूभाई अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा शेयरधारकों को कंपनी की ताकत माना और उसी सोच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

आकाश, ईशा और अनंत अंबानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो के आईपीओ की पूरी प्रक्रिया में आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की अगली पीढ़ी अब नए अवसरों और भविष्य की योजनाओं का नेतृत्व करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि युवा नेतृत्व के जरिए रिलायंस नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा और आने वाले समय में वैल्यू क्रिएशन के नए अवसर पैदा होंगे।

दुनिया के सामने भारत की ताकत दिखाएगा Jio

मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की प्रस्तावित लिस्टिंग केवल एक कारोबारी कदम नहीं है, बल्कि यह दुनिया को भारत की तकनीकी क्षमता का परिचय भी कराएगी। उनके अनुसार, भारत अब ऐसी कंपनियां बनाने की क्षमता रखता है जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि जियो का सफर देश के डिजिटल विकास का प्रतीक है और इसकी लिस्टिंग भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को भी दर्शाएगी।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story