LPG Connection: न Indane, न HP Gas! नया LPG कनेक्शन नहीं मिल रहा तो कैसे पकेगा खाना? जानें 5 बड़े विकल्प

LPG Connection नहीं मिल रहा तो परेशान न हों। 5 किलो छोटू सिलेंडर, 10 किलो कंपोजिट सिलेंडर, PNG, इंडक्शन चूल्हा और इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट जैसे विकल्प जानें।

Jyotsana Singh
Published on: 9 Oct 2026 4:07 PM IST (Updated on: 9 Oct 2026 4:08 PM IST)
LPG Connection: No New Gas Connection? Check These 5 Cooking Alternatives
X

LPG Connection: No New Gas Connection? Check These 5 Cooking Alternatives


LPG Connection: रसोई में गैस खत्म होने की चिंता अलग है, लेकिन जिन घरों में अभी तक LPG कनेक्शन ही नहीं है, उनके सामने परेशानी और बड़ी हो गई है। अनधिकृत तौर पर गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर सख्ती के साथ ही अगर नए घरेलू गैस कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर खाना पकाने का इंतजाम कैसे होगा? क्या Indane, HP Gas और Bharat Gas के विकल्प बंद होने के बाद कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है?

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव, पश्चिम एशिया में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता और होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाले तेल-गैस परिवहन पर चिंताओं ने LPG की उपलब्धता को लेकर मुश्किलें बढ़ाई हैं। ऐसे में गैस का नया कनेक्शन पाना ग्राहकों के लिए चुनौती बन चुका है। इसी के साथ गैस कनेक्शन पर रोक या सीमित उपलब्धता की स्थिति हर जगह एक जैसी हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए आवेदन करने से पहले अपनी स्थानीय गैस एजेंसी से मौजूदा नियमों की पुष्टि करना जरूरी है।

फिलहाल 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर का नया कनेक्शन नहीं मिल रहा है, तो खाना पकाने के लिए कुछ दूसरे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है।

LPG की सप्लाई पर दबाव, घरेलू उपभोक्ताओं की बढ़ी चिंता

भारत अपनी LPG जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में संकट या समुद्री रास्तों से आपूर्ति प्रभावित होने का असर देश की उपलब्धता पर भी पड़ सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा व्यापार का अहम मार्ग है और यहां पैदा होने वाली बाधाएं तेल तथा गैस की आपूर्ति को प्रभावित कर सकती हैं।

1. पांच किलो का छोटू सिलेंडर बन सकता है सहारा

नए कनेक्शन की परेशानी के बीच पांच किलोग्राम वाला छोटू LPG सिलेंडर एक विकल्प हो सकता है। इंडेन छोटू, भारत गैस मिनी और HP गैस अप्पू जैसे नामों से उपलब्ध इन सिलेंडरों को अधिकृत वितरकों से खरीदा जा सकता है। इनका फायदा यह है कि ये आकार में छोटे होते हैं और सीमित जगह में भी रखे जा सकते हैं। अकेले रहने वाले लोगों, किराये के मकान में रहने वाले परिवारों और कम गैस इस्तेमाल करने वालों के लिए यह उपयोगी हो सकता है। छोटू सिलेंडर की उपलब्धता, कीमत, पहचान संबंधी दस्तावेज और रिफिल की शर्तें स्थानीय वितरक तथा लागू नियमों के अनुसार अलग हो सकती हैं। खरीदने से पहले इसकी पुष्टि जरूर करें। सिलेंडर हमेशा अधिकृत विक्रेता से लें और रिफिल भी उसी की व्यवस्था से करवाएं।

2.10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर कितना उपयोगी?

अगर पांच किलो का सिलेंडर आपके परिवार के लिए छोटा पड़ता है, तो 10 किलो वाला विकल्प भी देखा जा सकता है। इंडियन ऑयल का Indane XTRALITE कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक धातु के सिलेंडर की तुलना में हल्का होता है। इसकी बॉडी कंपोजिट सामग्री से बनाई जाती है, जिससे इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।

3.PNG कनेक्शन से खत्म हो सकती है सिलेंडर की चिंता

पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG उन घरों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है, जहां पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है। इसमें सिलेंडर मंगाने और बदलवाने की जरूरत नहीं पड़ती। गैस पाइप के जरिए सीधे रसोई तक पहुंचती है और इस्तेमाल के हिसाब से बिल का भुगतान किया जाता है।

PNG कनेक्शन के लिए अपने क्षेत्र की अधिकृत गैस कंपनी की वेबसाइट या कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। आवेदन के बाद इलाके में पाइपलाइन की उपलब्धता, तकनीकी जांच, सुरक्षा मानकों और कनेक्शन शुल्क के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ती है। ध्यान रहे कि हर मोहल्ले में PNG नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। साथ ही, LPG से PNG पर जाने के लिए गैस उपकरणों में जरूरी बदलाव और अधिकृत तकनीशियन की मदद की जरूरत पड़ सकती है।

4.इंडक्शन चूल्हा भी है एक विकल्प

अगर आपको तुरंत खाना पकाने की व्यवस्था चाहिए और LPG कनेक्शन नहीं मिल रहा, तो इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा काम आ सकता है। यह बिजली से चलता है और इसमें खाना पकाने के लिए इंडक्शन के अनुकूल बर्तन इस्तेमाल करने पड़ते हैं।

इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें सिलेंडर की जरूरत नहीं होती। चाय, दाल, सब्जी और रोजमर्रा का खाना बनाने के लिए यह उपयोगी हो सकता है। लेकिन इसे चलाने के लिए पर्याप्त बिजली कनेक्शन और सही बर्तन जरूरी हैं। बिजली की खपत और आपके क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता को ध्यान में रखकर ही इसे चुनें।

5.इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट और राइस कुकर से भी बन सकता है खाना

इंडक्शन के अलावा इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट और राइस कुकर भी घरेलू खाना पकाने के विकल्प हैं। हॉट प्लेट पर उपयुक्त बर्तनों में खाना बनाया जा सकता है, जबकि राइस कुकर चावल, दलिया और कुछ दूसरी चीजें बनाने में उपयोगी है। कुछ उपकरणों में सीमित तरह के दूसरे व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं। वहीं इन उपकरणों की क्षमता और बिजली की खपत अलग-अलग होती है। खरीदने से पहले बिजली की रेटिंग, सुरक्षा सुविधाओं और इस्तेमाल की जरूरतों को देखना चाहिए।

नया LPG कनेक्शन कब से मिलेगा?

फिलहाल नए घरेलू LPG कनेक्शन की बहाली को लेकर कोई निश्चित तारीख को लेकर सरकार या संबंधित तेल कंपनियों में इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए केवल सोशल मीडिया पर चल रही तारीखों या अपुष्ट खबरों के आधार पर निर्णय न लें। सबसे पहले अपने नजदीकी अधिकृत LPG वितरक से संपर्क करें और पूछें कि नए कनेक्शन के आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं या नहीं। साथ ही पांच किलो के सिलेंडर, कंपोजिट सिलेंडर और PNG की स्थानीय उपलब्धता भी जांचें। अगर 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर का नया कनेक्शन फिलहाल नहीं मिल रहा, तो छोटू सिलेंडर, 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर, PNG, इंडक्शन चूल्हा और इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। आपके लिए कौन-सा विकल्प सही रहेगा, यह आपके बजट, परिवार के आकार, बिजली की उपलब्धता और इलाके में गैस सेवाओं पर निर्भर करेगा।

शब्द 1009

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story