TRENDING TAGS :
New GST Rates: नवरात्रि से नई शुरुआत: दूध, दवा, टीवी-एसी और बाइक..., जानिए कौन-कौन सी चीजें हुईं सस्ती?
New GST Rates: GST 2.0 आज से लागू हो गया और नवरात्रि पर आम आदमी को बड़ी राहत मिली। दूध, दवाएं, टीवी-एसी और कार-बाइक जैसी जरूरी चीजें हुईं सस्ती हुई। जानें नए GST रेट्स की पूरी लिस्ट।
New GST Rates
New GST Rates: देश में नवरात्रि का पहला दिन हमेशा से शुभ माना जाता है। लेकिन इस बार 22 सितंबर 2025 सिर्फ धार्मिक ही नहीं, आर्थिक मायनों में भी ऐतिहासिक साबित हुआ है। आज से लागू हुआ GST 2.0 आम आदमी के बजट को राहत देने वाला है। रसोई से लेकर ड्रॉइंग रूम तक और स्कूल से लेकर अस्पताल तक, हर जगह आपको चीजें पहले से सस्ती मिलेंगी।
घर की रसोई से राहत की शुरुआत
सबसे पहले बात करते हैं रसोई की। रोज़ाना इस्तेमाल होने वाले डेयरी प्रोडक्ट्स, जैसे दूध, पनीर और मक्खन अब सस्ते हो गए हैं। खाद्य तेल, पैकेज्ड आटा, साबुन जैसी ज़रूरी चीज़ों पर टैक्स घटने से सीधा असर आपके महीने के किराने के बिल पर पड़ेगा। जहां पहले इन पर 12% से 18% तक जीएसटी लगता था, वहीं अब इन्हें 5% या जीरो स्लैब में ला दिया गया है।
इतना ही नहीं, बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी चीजें जैसे नोटबुक, पेंसिल, ग्लोब, चार्ट्स भी जीएसटी फ्री कर दिए गए हैं। यानी अब पढ़ाई का खर्च भी परिवार की जेब पर हल्का होगा।
दवाओं और बीमा पर बड़ी राहत
स्वास्थ्य से जुड़ी राहत सबसे अहम है। सरकार ने 33 जीवन रक्षक दवाओं पर से जीएसटी पूरी तरह हटा दिया है। इनमें कैंसर की कई महंगी दवाइयां भी शामिल हैं। इसके अलावा हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी पर जीएसटी खत्म कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब इलाज से लेकर बीमा तक का खर्च आम आदमी की पहुंच में होगा।
टीवी, एसी और बाइक भी होंगे सस्ते
इलेक्ट्रॉनिक्स और गाड़ियों के शौकीनों के लिए भी खुशखबरी है। टीवी, मॉनिटर, प्रोजेक्टर और एसी जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर अब 28% की बजाय 18% टैक्स लगेगा। इसी तरह कार-बाइक पर भी राहत दी गई है। छोटी कारें, तीन पहियों वाले वाहन और 350cc तक की मोटरसाइकिलें अब 18% टैक्स स्लैब में होंगी। यानी नई बाइक या कार खरीदने का सपना पहले से आसान हो गया है।
किसानों और छात्रों के लिए तोहफ़ा
कृषि क्षेत्र को भी इस सुधार का बड़ा फायदा मिलने वाला है। ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और सिंचाई से जुड़ी मशीनरी को 5% के स्लैब में लाकर किसानों का बोझ कम किया गया है। वहीं छात्रों के लिए लैब नोटबुक, प्रैक्टिस बुक जैसी सामग्री पर भी टैक्स खत्म कर दिया गया है।
टैक्स फ्री और सस्ते सामान की लंबी सूची
अगर आप अपनी खरीदारी की लिस्ट बनाएं, तो पाएंगे कि ज्यादातर ज़रूरी सामान अब पहले से सस्ता हो गया है।
-दूध, पनीर, रेडी टू ईट पराठा और रोटी अब जीएसटी फ्री
-चॉकलेट, बिस्कुट, पास्ता, कॉर्नफ्लेक्स, जूस – सब 18% से घटकर 5% पर
-शैम्पू, टूथपेस्ट, हेयर ऑयल, साबुन – अब 5% टैक्स में
-बच्चों की दूध की बोतल, डायपर और खिलौने भी सस्ते
यह बदलाव सिर्फ घर-परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि सिनेमा टिकट, होटल में ठहरना और सौंदर्य सेवाएं भी अब कम टैक्स स्लैब में आ गई हैं।
कहां लगेगा झटका?
हालांकि सरकार ने राहत के साथ-साथ विलासिता की चीजों पर टैक्स का बोझ बढ़ा दिया है। बड़ी एसयूवी, लग्जरी कारें, 350cc से ज्यादा की मोटरसाइकिलें अब महंगी हो जाएंगी क्योंकि उन पर 40% जीएसटी लगाया गया है। यही नहीं, तंबाकू प्रोडक्ट्स, सिगरेट और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स भी अब ज्यादा महंगे हो गए हैं।
क्यों अहम है GST 2.0?
सरकार का कहना है कि GST 2.0 आम आदमी की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसका मकसद रोज़मर्रा की चीजों को सस्ता करना और विलासिता व हानिकारक वस्तुओं को महंगा करना है। इससे एक ओर जहां आम परिवार की जेब पर दबाव कम होगा, वहीं दूसरी ओर समाज को नुकसान पहुंचाने वाली चीजों पर रोक लगाने का प्रयास होगा।
नवरात्रि की शुरुआत पर आया यह आर्थिक बदलाव लोगों के लिए एक उत्सव जैसा है। अब घर-घर की रसोई से लेकर स्कूल, अस्पताल और बाज़ार तक सब जगह राहत की हवा चलेगी। माना जा रहा है कि इन सुधारों से बाज़ार में खपत बढ़ेगी और देश की अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार मिलेगी।


