TRENDING TAGS :
अब साबुन-आटा ही नहीं, इंश्योरेंस भी बेचेगी पतंजलि... जानिए 4,500 करोड़ की पूरी डील
Patanjali Insurance Deal: अब पतंजलि सिर्फ साबुन, आटा और आयुर्वेदिक उत्पाद ही नहीं, बल्कि इंश्योरेंस भी बेचेगी। IRDAI ने ₹4,500 करोड़ की मैग्मा जनरल इंश्योरेंस डील को मंजूरी दे दी है। जानिए इस अधिग्रहण से ग्राहकों, बीमा बाजार और कंपनी की रणनीति पर क्या असर पड़ेगा।
Patanjali Insurance Deal: ₹4,500 Crore Magma Insurance Acquisition Approved
Patanjali Insurance Deal 2026: घरेलू बाजार में अपनी मजबूत पैठ बना चुकी योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद अब सिर्फ दैनिक उपयोग के उत्पाद और आयुर्वेदिक उत्पादों तक सीमित नहीं रहेगी। अब इस कंपनी ने वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा कदम बढ़ाते हुए मैग्मा जनरल इंश्योरेंस के अधिग्रहण का रास्ता साफ कर लिया है। इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) ने करीब 4,500 करोड़ रुपये की इस डील को मंजूरी दे दी है। इसके बाद पतंजलि देश के तेजी से बढ़ते जनरल इंश्योरेंस सेक्टर में एक बड़े खिलाड़ी के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक यह अधिग्रहण न केवल पतंजलि के कारोबार का विस्तार करेगा, बल्कि ग्रामीण और छोटे शहरों तक बीमा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
IRDAI की मंजूरी के बाद डील पूरी होने का रास्ता साफ
मार्च 2026 में घोषित इस अधिग्रहण को अब अंतिम नियामकीय मंजूरी भी मिल गई है। IRDAI ने 28 जुलाई को इस सौदे को हरी झंडी दी। इसके साथ ही पतंजलि आयुर्वेद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की नई प्रमोटर कंपनी बन जाएगी। मंजूरी की शर्तों के अनुसार, पतंजलि भविष्य में कंपनी की पूंजी जरूरतों को पूरा करने और उसकी वित्तीय मजबूती बनाए रखने के लिए लगातार निवेश भी करेगी।
किसके पास जाएगी कितनी हिस्सेदारी?
इस सौदे के तहत पतंजलि आयुर्वेद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में 73.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। वहीं, रजनीगंधा पान मसाला बनाने वाला धर्मपाल सत्यपाल (DS) ग्रुप कंपनी में 24.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगा। यह हिस्सेदारी मुख्य रूप से अदार पूनावाला की Sanoti Properties, सेलका डेवलपर्स और जगुआर एडवाइजरी सर्विसेज जैसे मौजूदा शेयरधारकों से खरीदी जाएगी। डील से पहले मैग्मा में सबसे बड़ी हिस्सेदारी सनोटी प्रॉपर्टीज की थी।
पहली बार वित्तीय सेवाओं में उतरेगी पतंजलि
अब तक पतंजलि की पहचान आयुर्वेदिक दवाओं, खाद्य उत्पादों, व्यक्तिगत देखभाल और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के बड़े ब्रांड के रूप में रही है। लेकिन इस अधिग्रहण के साथ कंपनी पहली बार वित्तीय सेवाओं, खासकर जनरल इंश्योरेंस सेक्टर में प्रवेश कर रही है।
कंपनी अब उपभोक्ताओं को सिर्फ उत्पाद ही नहीं, बल्कि वित्तीय सुरक्षा से जुड़े समाधान भी उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ
मैग्मा जनरल इंश्योरेंस ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है। CareEdge Ratings के अनुसार, वित्त वर्ष 2021 से वित्त वर्ष 2025 के बीच कंपनी का ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम 22 फीसदी की CAGR से बढ़कर 3,334 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसी अवधि में पूरे जनरल इंश्योरेंस उद्योग की औसत वृद्धि दर लगभग 10 फीसदी CAGR रही।
यह आंकड़े बताते हैं कि मैग्मा ने उद्योग की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से कारोबार बढ़ाया है।
घाटे से मुनाफे तक का सफर
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में भी बड़ा सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2024 में जहां मैग्मा जनरल इंश्योरेंस को 141 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने ब्रेक-ईवन हासिल करते हुए 1 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया।
इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में कंपनी 27 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज कर चुकी है। कंपनी की आर्थिक स्थिति लगातार बेहतर हो रही है।
मजबूत सॉल्वेंसी से बढ़ा भरोसा
31 दिसंबर 2025 तक कंपनी का सॉल्वेंसी मार्जिन 1.81 गुना रहा, जबकि नियामकीय न्यूनतम सीमा 1.50 गुना है।यानी कंपनी के पास करीब 268 करोड़ रुपये का अतिरिक्त पूंजी आधार मौजूद है। बीमा उद्योग में मजबूत सॉल्वेंसी को कंपनी की वित्तीय स्थिरता और दावों का भुगतान करने की क्षमता का महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है।
ग्राहकों को क्या मिल सकता है फायदा?
मैग्मा जनरल इंश्योरेंस पहले से ही मोटर, हेल्थ, ट्रैवल, फायर, मरीन, इंजीनियरिंग और कमर्शियल बीमा सहित 70 से अधिक उत्पाद उपलब्ध कराती है। पतंजलि के साथ जुड़ने के बाद कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो के और विस्तृत होने की संभावना है। सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को मिल सकता है। जहां बीमा की पहुंच अभी भी सीमित है। पतंजलि का देशभर में मजबूत वितरण नेटवर्क है और उसके उत्पाद करीब दो लाख रिटेल काउंटरों पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा कंपनी के 250 से अधिक पतंजलि मेगा स्टोर भी संचालित हैं। इस नेटवर्क का उपयोग बीमा उत्पादों की बिक्री और जागरूकता बढ़ाने में किया जा सकता है।


