TRENDING TAGS :
Paytm में ₹2,949 करोड़ की बड़ी ब्लॉक डील, विजय शेखर शर्मा से जुड़ी कंपनी ने बेचे शेयर, बाजार में मची हलचल
Paytm block deal 2026: शेयर बेचने वाली कंपनी रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी होने की पूरी संभावना है, जिसका पूरा स्वामित्व पेटीएम के संस्थापक और CEO विजय शेखर शर्मा के पास है।
Paytm block deal 2026
Paytm block deal 2026: पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) के शेयरों में आज मंगलवार को लगभग 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। शेयर में यह दबाव एक बड़ी ब्लॉक डील (Block Deal) के बाद आया। इस डील में तकरीबन 1.92 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ, जिनकी कीमत करीब ₹2,949 करोड़ बताई जा रही है।
बता दे, शेयर बेचने वाली कंपनी रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी (Resilient Asset Management BV) होने की पूरी संभावना है, जिसका पूरा स्वामित्व पेटीएम के संस्थापक और CEO विजय शेखर शर्मा के पास है।
₹2,949 करोड़ की ब्लॉक डील, लगभग 3 फीसदी हिस्सेदारी बिक्री
रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी ने Paytm के लगभग 1.92 करोड़ शेयर बेचने की पेशकश की थी। यह भागीदारी कंपनी की कुल मौजूदा हिस्सेदारी का करीब 3 फीसदी है। इस डील के लिए ₹1,535.10 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस (Floor Price) तय किया गया था। इस आधार पर शुरुआती डील का कुल मूल्य लगभग ₹2,949 करोड़ बैठता है।
इस डील में 1.27 करोड़ अतिरिक्त शेयर बेचने का विकल्प भी शामिल था। यदि इस अतिरिक्त विकल्प का पूरी तरह प्रयोग किया जाता है, तो कुल 3.19 करोड़ शेयरों की बिक्री हो सकती है। यह Paytm की लगभग 4.98 फीसदी भागीदारी के बराबर होगी और ऐसी स्थिति में पूरी डील की कीमत लगभग ₹4,895 करोड़ तक पहुंच सकती है।
कौन है शेयर बेचने वाली कंपनी?
रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी नीदरलैंड्स की कंपनी है और इसका पूरा स्वामित्व पेटीएम के संस्थापक एवं CEO विजय शेखर शर्मा के पास है। Paytm की एक्सचेंज फाइलिंग (Exchange Filing) के मुताबिक, रेजिलिएंट ने एंटफिन (Antfin) से Paytm में लगभग 10.20 फीसदी भागीदारी हासिल की थी।
यह भागीदारी एंटफिन को जारी ऑप्शनली कन्वर्टिबल डिबेंचर (Optionally Convertible Debenture) के बदले हासिल की गई थी। इस समझौते के तहत रेजिलिएंट को शेयरों का स्वामित्व और वोटिंग अधिकार मिले थे, जबकि शेयरों का आर्थिक मूल्य एंटफिन के पास बना रहा।
30 जून 2026 तक विजय शेखर शर्मा के पास व्यक्तिगत रूप से पेटीएम की 9 फीसदी से अधिक भागीदारी थी।
Paytm को इस शेयर बिक्री से पैसा नहीं मिलेगा
इस पूरी डील की एक बेहद महत्वपूर्ण बात यह है कि यह सेकेंडरी डील (Secondary Deal) है। यानी शेयर बेचने से मिलने वाला पैसा Paytm की कंपनी के खाते में नहीं जाएगा, बल्कि शेयर बेचने वाले शेयरधारक को मिलेगा। इसलिए इसे Paytm की तरफ से पूंजी जुटाने वाली डील के तौर पर नहीं देखा जा रहा है।
इस डील के लिए गोल्डमैन सैक्स इंडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड (Goldman Sachs India Securities Private Limited) प्लेसमेंट एजेंट (Placement Agent) है। शेयरों की बिक्री भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों के स्क्रीन-बेस्ड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर एक या उससे ज्यादा बिक्री के माध्यम से की जाएगी।
डील की शर्तों के मुताबिक, बिक्री पूरी होने के बाद विक्रेता पर 90 दिनों तक आगे शेयर बेचने की रोक यानी लॉक-इन (Lock-in) रहेगी।
फ्लोर प्राइस पिछले बंद भाव से लगभग 3 फीसदी कम
रेजिलिएंट की तरफ से तय ₹1,535.10 का फ्लोर प्राइस पेटीएम के पिछले बंद भाव ₹1,580.20 से लगभग 3 फीसदी कम था। मंगलवार को Paytm का शेयर करीब ₹1,557 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
हालांकि, बीते कुछ वक़्त में पेटीएम के शेयर ने मजबूत प्रदर्शन भी किया है। बीते एक हफ्ते में शेयर लगभग 1 फीसदी गिरा है, लेकिन एक महीने के दौरान इसमें 17 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। साल 2026 में अब तक Paytm के शेयर में 22 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई है।
52 सप्ताह के निचले स्तर से लगभग 78 फीसदी चढ़ा शेयर
पेटीएम का शेयर मार्च में ₹930.60 के 52-हफ्ते के निचले स्तर (52 Week Low) पर पहुंच गया था। इसके बाद शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली और बीते हफ्ते यह ₹1,657.60 के 52-सप्ताह के उच्च स्तर (52 Week High) तक पहुंच गया। यानी निचले स्तर से शेयर लगभग 78 फीसदी तक चढ़ चुका था।
एक साल की अवधि में Paytm के शेयर ने लगभग 35 फीसदी रिटर्न दिया है, जबकि तीन साल में इसका रिटर्न लगभग 84 फीसदी रहा है। हालांकि, इसके बावजूद शेयर अभी भी साल 2021 में आए Paytm के IPO भाव से नीचे कारोबार कर रहा है।
कंपनी का मौजूदा बाजार पूंजीकरण (Market Capitalization) ₹1.01 लाख करोड़ से अधिक है। ऐसे में विजय शेखर शर्मा से पूरी तरह जुड़ी कंपनी द्वारा इतनी बड़ी भागीदारी की बिक्री ने Paytm के शेयरों को लेकर बाजार में हलचल जरूर बढ़ा दी है।


