Chhattisgarh News : बस्तर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता

Chhattisgarh News : बस्तर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक होगी, जिसमें अमित शाह समेत चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

Newstrack Network
Published on: 16 May 2026 8:19 AM IST
Chhattisgarh News : बस्तर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता
X

रायपुर, 15 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।बैठक की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय और गंभीरता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह देश की ऐसी क्षेत्रीय परिषद है, जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है और यह आपसी सहयोग तथा समन्वय का बेहतरीन उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें राज्यों और केंद्र सरकार के बीच संवाद, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं। मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं और इसी सोच के साथ क्षेत्रीय परिषदें विकास, प्रशासनिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा दे रही हैं।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इन परिषदों ने राज्यों के बीच सहयोग और विकासोन्मुखी सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। बस्तर में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन के प्रयासों से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है और अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंद्रावती की धरती से बस्तर विकास की नई गाथा लिखेगा और मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story