TRENDING TAGS :
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज से वर्षा होगी तेज, कई जिलों में भारी वर्षा, वज्रपात और गरज-चमक का अलर्ट
CG Weather Update: मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में ज्यादातर जिलों में अच्छी-खासी वर्षा होने के आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
CG Weather Update
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में अपना ज़बरदस्त प्रभाव दिखाने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यानी 1 जुलाई से राज्य में भारी वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में ज्यादातर जिलों में अच्छी-खासी वर्षा होने के आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
आज से वर्षा का दायरा होगा और व्यापक
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में सक्रिय विभिन्न मौसमी प्रणालियों के कारण मानसून को मजबूती मिल रही है। उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक फैली द्रोणिका, उत्तरी तेलंगाना के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और पूर्व-पश्चिम द्रोणिका के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसी कारण से आगामी दिनों में वर्षा का दायरा और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई गई है।
रायपुर सहित कई जिलों में बदला मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान घने बादलों से ढका रहा। हालांकि, मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में कभी भी वर्षा हो सकती है। आषाढ़ माह की शुरुआत के साथ प्रदेश के लोगों को अच्छी वर्षा की उम्मीद है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
भारी वर्षा और वज्रपात को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को भी खासतौर से सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटे में यहां हुई अच्छी वर्षा
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सक्ति, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में लगभग 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं नारायणपुर, जगदलपुर, जगरगुंडा और मर्रीबंगला देवरी में करीब 2 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर सहित कई इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
आगामी कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहेगा और ज्यादातर जिलों में रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। इससे किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सकता है।


