आसमान में दिखेगा वायुसेना का दम! नवा रायपुर में एयर शो, घर से निकलने से पहले देख लें ये रूट

Chhattisgarh Air Show: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर नवा रायपुर में 2 नवंबर को भारतीय वायुसेना का एयर शो होगा। सूर्य किरण और सारंग टीम के करतब देखने जाने से पहले जानें रूट और पार्किंग व्यवस्था।

Shalni Kumari
Published on: 2 Nov 2026 9:56 AM IST
Chhattisgarh Air Show
X

Chhattisgarh Air Show 

Chhattisgarh Air Show: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव (Chhattisgarh Rajyotsav) के मौके पर सोमवार, 2 नवंबर को नवा रायपुर (Nava Raipur) में भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। अटल नगर के सेंध तालाब में सुबह 11 बजे से होने वाले इस आयोजन में वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team) और सारंग हेलीकॉप्टर टीम (Sarang Helicopter Team) आसमान में हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएंगी। इस खास आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए रायपुर पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था (Traffic Management) में बदलाव करते हुए अलग-अलग शहरों और दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट और पार्किंग की व्यवस्था की है। ऐसे में एयर शो देखने जाने वाले लोगों के लिए घर से निकलने से पहले निर्धारित रास्तों और पार्किंग स्थलों की जानकारी लेना जरूरी है।

एयर शो के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा रहेंगे तैनात

कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पार्किंग स्थलों से आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए परिवहन की व्यवस्था की है। इसके तहत कुल 20 बसें और 55 ई-रिक्शा संचालित किए जाएंगे। हालांकि, कुछ पार्किंग स्थलों से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पैदल भी जाना होगा। पुलिस ने पासधारी वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग निर्धारित की है, ताकि आम दर्शकों और विशेष पास वाले वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

रायपुर शहर से आने वालों के लिए यह रहेगा रूट

रायपुर शहर की ओर से एयर शो देखने आने वाले वाहनों को माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचना होगा। यहां से दाईं ओर मुड़कर चंदूलाल चंद्राकर चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। वाहन पार्क करने के बाद दर्शकों को आयोजन स्थल तक पैदल जाना होगा।

दुर्ग-भिलाई और पचपेड़ी नाका से आने वाले ऐसे पहुंचें

दुर्ग, भिलाई और पचपेड़ी नाका की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को पचपेड़ी नाका चौक से कमल विहार चौक की ओर जाना होगा। इसके बाद सदानी दरबार, माना बस्ती अथवा केंद्रीय मार्ग से होते हुए ऊपरवारा चौक पहुंचना होगा। यहां से दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक के रास्ते सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

धमतरी-अभनपुर और बिलासपुर की ओर से आने वालों का रूट

धमतरी और अभनपुर की तरफ से आने वाले दर्शकों को सेंट्रल माउंटफोर्ट स्कूल मार्ग से ऊपरवारा चौक पहुंचना होगा। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होते हुए अविनाश उपवन की निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे।

वहीं, बिलासपुर और बलौदाबाजार की ओर से आने वाले वाहन मंदिर हसौद-नवागांव स्टेडियम मार्ग से कार्यक्रम स्थल की तरफ पहुंच सकेंगे। इन वाहनों के लिए स्टेडियम के चारों ओर अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वाहन चालकों को इन्हीं निर्धारित स्थानों पर अपनी गाड़ियां खड़ी करनी होंगी।

महासमुंद और आरंग से आने वालों के लिए कोसा मैदान में पार्किंग

महासमुंद और आरंग की तरफ से एयर शो देखने आने वाले लोगों को नवागांव स्टेडियम मार्ग से होते हुए परसदा स्थित कोसा मैदान की पार्किंग तक पहुंचना होगा। यहां वाहन खड़े करने के बाद दर्शकों को कार्यक्रम स्थल तक पैदल जाना पड़ेगा।

पासधारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था

एयर शो में शामिल होने के लिए पास रखने वाले वाहन चालकों को माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर बाईं ओर मुड़ना होगा। इसके बाद सेक्टर-1 में रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है। यहां से दर्शकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए बस और ई-रिक्शा उपलब्ध रहेंगे। जरूरत के मुताबिक लोग पैदल भी आयोजन स्थल तक जा सकेंगे।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात मार्गों का पालन करें और अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। इससे एयर शो के दौरान ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) की स्थिति से बचा जा सकेगा और दर्शक बिना किसी परेशानी के कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story