TRENDING TAGS :
CM Vishnu Deo Sai की बड़ी पहल, शिवराज सिंह चौहान से की खास मुलाकात, PMGSY-IV में मांगी विशेष छूट
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के विकास के लिए पीएमजीएसवाई-4 में विशेष छूट की मांग की। शिवराज सिंह चौहान ने प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिया।
Vishnu Deo Sai
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) ने बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों के विकास को लेकर केंद्र सरकार के सामने एक अहम मांग रखी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 (PMGSY-IV) में बस्तर के लिए खास प्रावधान करने का आग्रह किया।
इसे लेकर मुख्यमंत्री का कहना है कि बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियां देश के अन्य इलाकों से अलग हैं, इसलिए यहां सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए विशेष व्यवस्था की जरूरत है।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा (Vijay Sharma), भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह (Subodh Singh) भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर समेत पूरे प्रदेश में ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।
बस्तर के लिए PMGSY के नियमों में मांगी विशेष छूट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में बताया कि बस्तर के कई गांव घने जंगलों, ऊंची पहाड़ियों और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत सिर्फ 500 मीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर माना जाता है। इस व्यवस्था की वजह से बस्तर के कई छोटे और दूर-दराज के गांव सड़क सुविधा से वंचित रह जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि जिस तरह अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की विशेष अनुमति दी गई है, उसी प्रकार बस्तर में भी यह व्यवस्था लागू की जाए। इससे अधिक से अधिक गांवों तक सड़क संपर्क पहुंच सकेगा।
सड़कें विकास और सुरक्षा की मजबूत कड़ी बनेंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के दौर से निकलकर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में मजबूत सड़क नेटवर्क लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आने-जाने का साधन नहीं हैं, बल्कि विकास, सुरक्षा और समृद्धि की मजबूत आधारशिला होती हैं। इसलिए बस्तर की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी मिलनी चाहिए।
शिवराज सिंह चौहान ने दिया सकारात्मक आश्वासन
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इस पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बस्तर जैसे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को लेकर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और राज्य सरकार के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार के कार्यों की भी हुई प्रशंसा
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना (Jiramji Yojana) के तहत मुक्तिधाम और शौचालय निर्माण जैसे कार्य प्रभावी ढंग से किए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (Pradhan Mantri Awas Yojana) के बेहतर क्रियान्वयन की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिदिन लगभग 1,500 आवासों का निर्माण एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।


