TRENDING TAGS :
छत्तीसगढ़ में बदलेगा सियासी गणित! 90 से बढ़कर 135 होंगी विधानसभा सीटें, जानें क्या है प्लान
Chhattisgarh Delimitation: छत्तीसगढ़ में परिसीमन के बाद विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 और लोकसभा सीटें 11 से बढ़कर 16-17 हो सकती हैं। जानिए केंद्र सरकार का प्रस्ताव, महिला आरक्षण और नए राजनीतिक समीकरणों पर इसका क्या असर पड़ेगा।
chhattisgarh vidhan sabha
Chhattisgarh Delimitation: देश में परिसीमन की कवायद आगे बढ़ती है तो छत्तीसगढ़ की राजनीति का पूरा गणित बदल सकता है। राज्य में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या में बड़ा इजाफा होने की संभावना है। फिलहाल छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा और 11 लोकसभा सीटें हैं, लेकिन सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव लागू हुआ तो विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 135 हो सकती है। वहीं, लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर करीब 16 से 17 तक पहुंचने का अनुमान है। इसका असर न सिर्फ राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति पर पड़ेगा, बल्कि राज्य में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण की तस्वीर भी बदल सकती है।
हालांकि, इन संभावित आंकड़ों को अंतिम नहीं माना जा सकता। विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की वास्तविक संख्या के साथ उनकी सीमाएं तय करने का अधिकार परिसीमन आयोग के पास होगा। फिलहाल सामने आया आकलन आबादी और संभावित सीट वृद्धि के आधार पर तैयार किया गया है।
छत्तीसगढ़ में कितनी बढ़ सकती हैं सीटें?
छत्तीसगढ़ में अभी 90 विधानसभा क्षेत्र हैं। अगर सीटों में 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव लागू होता है तो इनकी संख्या 135 तक पहुंच सकती है। यानी राज्य को 45 नए विधानसभा क्षेत्र मिल सकते हैं। इसी तरह लोकसभा सीटों की संख्या 11 से बढ़कर 16 या 17 होने का अनुमान है।
राज्य की मौजूदा लोकसभा सीटों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, कांकेर और रायगढ़ शामिल हैं। नई सीटें कहां बनेंगी और मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में क्या बदलाव होगा, यह परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
2011 की जनगणना के आधार पर हो सकता है आकलन
परिसीमन के संभावित आधार के तौर पर 2011 की जनगणना का उल्लेख किया जा रहा है। इसी के आधार पर आबादी के अनुपात में सीटों के बंटवारे का प्रारंभिक आकलन तैयार किया गया है। इसमें संभागवार जनसंख्या और सबसे बड़े शेषफल (Largest Remainder) की पद्धति को ध्यान में रखा गया है।
हालांकि, देश में जनगणना की प्रक्रिया जारी है। इसके आंकड़े सामने आने के बाद ही निर्वाचन क्षेत्रों के संभावित आकार और प्रतिनिधित्व का ज्यादा स्पष्ट अनुमान लगाया जा सकेगा। अंतिम फैसला परिसीमन आयोग की सिफारिशों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगा।
महिला आरक्षण से भी जुड़ा है परिसीमन का मामला
परिसीमन की प्रक्रिया का एक बड़ा पहलू महिला आरक्षण भी है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की व्यवस्था नारी शक्ति वंदन अधिनियम में की गई है। इसके क्रियान्वयन को परिसीमन और जनगणना की प्रक्रिया से जोड़ा गया है। ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ने के साथ महिलाओं के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है।
केंद्र सरकार परिसीमन पर क्या कर रही है?
परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने भी अब बड़ा कदम उठाया है। 27 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयकों को मंजूरी दी गई। सरकार का प्रस्ताव लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 फीसदी बढ़ोतरी करने का है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान है।
सरकार ने इस बार राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक बरकरार रखने का प्रस्ताव रखा है। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात कही गई है। नए प्रस्ताव के तहत परिसीमन आयोग का गठन भी किया जाएगा।
दरअसल, इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार 131वें संविधान संशोधन विधेयक के जरिए महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहती थी, लेकिन लोकसभा में इसे जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। इसके बाद सरकार ने नए सिरे से विधायी प्रस्ताव तैयार किया है। अब 132वें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए विधेयकों को संसद के विशेष सत्र में 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच पेश किए जाने की तैयारी है। इनका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना भी है। हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी मिलने का मतलब विधेयकों का कानून बन जाना नहीं है। इसके लिए संसद में जरूरी संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इस तरह परिसीमन की नई योजना आगे बढ़ती है तो छत्तीसगढ़ समेत देश के सभी राज्यों में राजनीतिक प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ सकता है। लेकिन अंतिम तस्वीर संसद से विधेयकों के पारित होने और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी।


