राशन से पक्के मकान तक...आदिवासियों के लिए क्या बदला? नेताम ने बताया

Chhattisgarh Development: छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गरीब कल्याण, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, जनजातीय विकास और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े आंकड़े साझा किए।

Shalni Kumari
Published on: 6 Oct 2026 10:45 AM IST (Updated on: 6 Oct 2026 10:45 AM IST)
Chhattisgarh Government
X

 Chhattisgarh Development

Chhattisgarh Development: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को निरंतर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित यात्रा बताया। नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति को केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे सेवा और सामाजिक परिवर्तन का जरिया बनाया।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का छत्तीसगढ़ से पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। संगठन में जिम्मेदारियां संभालने के दौरान उन्होंने बस्तर समेत प्रदेश के सुदूर वनांचलों का व्यापक दौरा किया। मुख्यमंत्री के रूप में भी उनका छत्तीसगढ़ के साथ विकास के अनुभवों का आदान-प्रदान जारी रहा। नेताम के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र के साथ योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया है।

गरीबों को राशन से लेकर बैंक खाते तक का लाभ

रामविचार नेताम ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों को भी खाद्य सुरक्षा मिली है।

उन्होंने बताया कि जनधन योजना के जरिए करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खोले गए। इससे सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने लगी और डीबीटी के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका खत्म होने के साथ पारदर्शिता बढ़ी। वहीं, उज्ज्वला योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 39.54 लाख महिलाओं को धुएं से राहत मिली है।

25.51 लाख किसानों को 11,277 करोड़ से ज्यादा की सम्मान निधि

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती और कृषि क्षेत्र के विकास पर भी सरकार ने लगातार काम किया है। छत्तीसगढ़ के 25 लाख 51 हजार किसानों के खातों में अब तक 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान निधि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है। इससे किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिल रही है।

उन्होंने कहा कि सिंचाई का विस्तार, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, फसल बीमा और किसान पंजीयन जैसी व्यवस्थाओं से खेती को अधिक व्यवस्थित बनाने का प्रयास हुआ है। धान उत्पादन और खरीदी के लिए देश में अलग पहचान रखने वाले छत्तीसगढ़ के किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

छत्तीसगढ़ में रोजाना बन रहे औसतन 1,600 पक्के घर

प्रधानमंत्री आवास योजना को नेताम ने छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन करीब 1,600 पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं 3 लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

इसके बाद 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 3 लाख 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। इसी अवसर पर तीन लाख लाभार्थियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की किश्त भी जारी की गई।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास पर जोर

कृषि मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश के 6,691 जनजातीय गांवों में समग्र विकास के कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों यानी पीवीटीजी के 56 हजार से अधिक परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में सम्मान दिया गया, जिससे देश के जनजातीय समाज के योगदान और गौरव को नई पहचान मिली।

नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति

रामविचार नेताम ने कहा कि 'राष्ट्रहित सर्वोपरि' और 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा बलों के अदम्य साहस के परिणामस्वरूप 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ समेत पूरा देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ।

बस्तर में 'नियद नेल्लानार' योजना के जरिए सुरक्षा कैंपों के आसपास बसे दूरदराज के गांवों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके तहत ग्रामीणों को राशन, बिजली, पानी, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल में गरीब कल्याण, किसानों की आय और कृषि विकास, आवास, जनजातीय क्षेत्रों के उत्थान तथा आंतरिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्य देश के विकास की दिशा को मजबूत करने वाले हैं।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story