TRENDING TAGS :
रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाने होंगे बार-बार चक्कर! सरकार ने शुरू किया नया डिजिटल पोर्टल
Chhattisgarh Dharohar Portal: छत्तीसगढ़ में जमीन-मकान की रजिस्ट्री प्रक्रिया आसान बनाने के लिए धरोहर पोर्टल का ट्रायल शुरू हुआ है। जानिए AI से दस्तावेज तैयार करने, ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट और डिजिटल भुगतान की सुविधा कैसे मिलेगी।
Property Registration
Chhattisgarh Dharohar Portal: छत्तीसगढ़ में जमीन और मकान की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब संपत्ति के दस्तावेज तैयार कराने, उसकी कीमत का आकलन करने और स्टाम्प व पंजीयन शुल्क की गणना के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजरने की जरूरत कम होगी। पंजीयन विभाग ने इन सभी कामों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण शुरू कर दिया है। इस व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से दस्तावेज तैयार करने के सुझाव भी मिलेंगे।
फिलहाल पोर्टल का ट्रायल राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय-6 में किया जा रहा है। नई व्यवस्था का उद्देश्य रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ उसमें पारदर्शिता बढ़ाना और फर्जीवाड़े की आशंका को कम करना है।
एक पोर्टल पर होंगे रजिस्ट्री से जुड़े कई काम
‘धरोहर’ पोर्टल के जरिए संपत्ति पंजीयन की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप देने की तैयारी है। इसके तहत दस्तावेज तैयार करने से लेकर संपत्ति का मूल्यांकन, स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क की गणना तक का काम ऑनलाइन किया जा सकेगा। नागरिकों को कार्यालय में आने के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेने की सुविधा भी मिलेगी।
पोर्टल में आधार ई-केवाईसी के जरिए पहचान सत्यापन और डिजिटल हस्ताक्षर की व्यवस्था भी रखी गई है। इससे किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर रजिस्ट्री कराने या दस्तावेजों में गड़बड़ी करने जैसी आशंकाओं पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
AI देगा दस्तावेज तैयार करने में सुझाव
नई डिजिटल व्यवस्था की खास बात यह है कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद भी ली जाएगी। पोर्टल पर दस्तावेज तैयार करने के दौरान AI जरूरी सुझाव दे सकेगा। इसके अलावा संपत्ति का मूल्यांकन और उस पर लगने वाले स्टाम्प व पंजीयन शुल्क की गणना भी सिस्टम के माध्यम से होगी।
भुगतान के लिए भी कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। नागरिक यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग के अलावा एनईएफटी और आरटीजीएस के जरिए शुल्क जमा कर सकेंगे। इससे भुगतान की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल एक कार्यालय में ही चल रहा ट्रायल
धरोहर पोर्टल को अभी पूरे प्रदेश में लागू नहीं किया गया है। पायलट परीक्षण के तौर पर इसे केवल रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय-6 में शुरू किया गया है। रायपुर जिले के अन्य कार्यालयों और प्रदेश के बाकी हिस्सों में फिलहाल पुराने एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर के जरिए ही रजिस्ट्री का काम सामान्य रूप से जारी रहेगा।
तकनीकी परीक्षण पूरा होने और जरूरी सुधार किए जाने के बाद पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के दूसरे पंजीयन कार्यालयों में भी लागू किया जाएगा।
35 अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों को मिली आईडी
नई व्यवस्था के तहत अब तक 33 अधिवक्ताओं और दो दस्तावेज लेखकों को पोर्टल पर आईडी जारी की जा चुकी है। इनके जरिए पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट बुक करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही पोर्टल पर लाइसेंस के लिए आवेदन करने, उसका नवीनीकरण कराने और अपनी प्रोफाइल अपडेट करने का विकल्प भी दिया गया है।


