कौन है 'कबरा' हाथी, जिससे कांप रहे 3 जिले? 6 महीने में 17 लोगों को कुचला

Kabra Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में कबरा हाथी ने छह महीने में 17 लोगों की जान ले ली है। दो दिन में तीन मौतों के बाद वन विभाग उसे ट्रेंक्यूलाइज कर कॉलर आईडी लगाने की तैयारी में है।

Shalni Kumari
Published on: 11 Nov 2026 10:42 AM IST
Wild Elephant Attack
X

  Wild Elephant Attack

Kabra Elephant Attack: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जंगलों में एक जंगली हाथी (Wild Elephant) इन दिनों लोगों के लिए जानलेवा खतरा बना हुआ है। 'कबरा' नाम से कुख्यात इस हाथी का आतंक सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में लगातार बढ़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पिछले दो दिनों में ही उसने तीन और लोगों को कुचलकर मार डाला। छह महीने के भीतर इस हाथी के हमलों में 17 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही मौतों के बावजूद उसे काबू में करने की कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हो पाई है। वन विभाग (Forest Department) अब उसे ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी में है, लेकिन इसके लिए मुख्यालय से मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

दो दिन में तीन लोगों की मौत, दीपावली की रात भी मचाया आतंक

कबरा हाथी ने दीपावली की रात सूरजपुर जिले में दो लोगों को अपना शिकार बनाया। हाथी ने कृष्णा राजवाड़े और मोहनलाल कंवर को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद भी उसका उत्पात नहीं थमा। उसने अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (Ambikapur-Manendragarh National Highway) पार किया और बिशुन राम पर हमला कर उनकी जान ले ली।

लगातार हो रहे इन हमलों से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के लिए जंगल और आसपास के रास्तों से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है। पिछले छह महीनों में 17 लोगों की मौत का आंकड़ा इस खतरे की गंभीरता को दिखाता है।

कबरा हाथी को पकड़ने के लिए क्या है वन विभाग का प्लान?

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज (Tranquilize) करने और उसके गले में कॉलर आईडी (Radio Collar) लगाने की योजना बनाई है। सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक डॉ. प्रणय मिश्रा के मुताबिक, इस अभियान में प्रशिक्षित हाथियों की मदद ली जाएगी।

योजना के तहत पहले कबरा को बेहोश किया जाएगा और फिर उसके गले में कॉलर आईडी लगाई जाएगी। इसके बाद उसे ट्रक के जरिए ऐसे घने वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, जहां पहले से हाथियों का समूह मौजूद हो। कॉलर आईडी की मदद से वन विभाग उसकी लोकेशन (Location Tracking) और गतिविधियों पर लगातार नजर रख सकेगा।

व्यवहार नहीं बदला तो रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा

वन विभाग की योजना सिर्फ हाथी को दूसरे जंगल में छोड़ने तक सीमित नहीं है। कॉलर आईडी लगाने के बाद उसके व्यवहार (Elephant Behaviour) की निगरानी की जाएगी। अगर समूह में छोड़े जाने के बावजूद उसका आक्रामक व्यवहार नहीं बदलता है, तो उसे रेस्क्यू सेंटर (Rescue Centre) में रखने पर विचार किया जाएगा।

मुख्य वन संरक्षक डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि अभियान के लिए जरूरी संसाधन तैयार हैं। विभाग को उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर इस कार्रवाई की शुरुआत हो सकती है।

मुख्यालय से अनुमति का इंतजार, कब शुरू होगा अभियान?

कबरा हाथी के हमलों में लगातार हो रही मौतों के बीच सबसे बड़ी अड़चन वन मुख्यालय से अनुमति नहीं मिलना है। वन विभाग की ओर से उसे ट्रेंक्यूलाइज करने और कॉलर आईडी लगाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली है।

सूरजपुर के वनमंडलाधिकारी (DFO) विपुल अग्रवाल ने बताया कि प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है और जल्द अनुमति मिलने की उम्मीद है। सभी तैयारियां पूरी हैं। अब देखना होगा कि मंजूरी मिलने के बाद कबरा हाथी को नियंत्रित करने का अभियान कितनी जल्दी शुरू हो पाता है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story